लखनऊ: उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने प्रशासनिक व्यवस्था में बड़ा फेरबदल करते हुए 17 आईएएस अफसरों के तबादले किए हैं। इस बदलाव में कई मंडलायुक्तों, विभागीय सचिवों और प्रबंध निदेशकों की जिम्मेदारियां बदली गई हैं। अधिकारियों को नई तैनाती के साथ संबंधित विभागों की जिम्मेदारी संभालने के निर्देश दिए गए हैं। तबादला सूची के मुताबिक संगीता सिंह को अलीगढ़ मंडलायुक्त के पद से हटाकर मुरादाबाद मंडलायुक्त बनाया गया है। वहीं ओम प्रकाश आर्य को राजस्व परिषद सदस्य, प्रयागराज से स्थानांतरित कर अलीगढ़ का मंडलायुक्त बनाया गया है।
गौरी शंकर प्रियदर्शी को आयुक्त ग्राम्य विकास एवं सचिव के पद से हटाकर महानिदेशक आयुष एवं मिशन निदेशक, राष्ट्रीय आयुष मिशन की जिम्मेदारी दी गई है। उनकी जगह प्रमोद कुमार उपाध्याय को आयुक्त ग्राम्य विकास, उत्तर प्रदेश बनाया गया है। वहीं चैत्रा वी को महानिदेशक आयुष एवं मिशन निदेशक के पद से हटाकर राजस्व परिषद सदस्य (प्रशासनिक) बनाया गया है।
जल निगम और नगर विकास विभाग में भी बदलाव
प्रशासनिक फेरबदल के तहत जल निगम से जुड़े पदों पर भी नई तैनाती की गई है। रवींद्र कुमार को सचिव नगर विकास के पद से हटाकर प्रबंध निदेशक, यूपी जल निगम (नगरीय) बनाया गया है। वहीं मासूम अली सरवर को यूपी सुन्नी सेंट्रल वक्फ बोर्ड के CEO पद से हटाकर एमडी, यूपी जल निगम (नगरीय) एवं राज्य मिशन निदेशक की जिम्मेदारी दी गई है। डॉ. राज शेखर को एमडी जल निगम ग्रामीण के पद से हटाकर सचिव नियोजन विभाग बनाया गया है। उनकी जगह योगेश कुमार को एमडी जल निगम ग्रामीण की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
सहकारिता और सूचना आयोग में भी नियुक्तियां
कुमार प्रशांत को सचिव, यूपी राज्य सूचना आयोग के पद से हटाकर आयुक्त एवं निबंधक सहकारिता बनाया गया है। वहीं गुर्राला श्रीनिवासुलु को सचिवालय प्रशासन विभाग से स्थानांतरित कर सचिव, यूपी राज्य सूचना आयोग की जिम्मेदारी दी गई है। अमृत पाल कौर को संयुक्त एमडी, यूपी सहकारी चीनी मिल्स संघ लिमिटेड बनाया गया है। वहीं नवीनीत सेहारा को फिलहाल कोई नई तैनाती नहीं दी गई है। उन्हें संयुक्त एमडी, यूपी सहकारी चीनी मिल्स संघ लिमिटेड के पद से अवमुक्त किया जाना है।
इन अधिकारियों की भी बदली जिम्मेदारी
तबादला सूची में देवेंद्र कुमार पांडेय को विशेष सचिव कृषि उत्पादन आयुक्त शाखा से विशेष सचिव, उपभोक्ता मामले बनाया गया है। विवेक श्रीवास्तव को सचिव एलडीए से विशेष सचिव, पशुधन विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। अमृत त्रिपाठी को सचिव उच्च शिक्षा से सदस्य (न्यायिक), राजस्व परिषद प्रयागराज बनाया गया है। वहीं ओम प्रकाश राय को सदस्य (न्यायिक), राजस्व परिषद से स्थानांतरित कर विशेष सचिव, उच्च शिक्षा विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। इस प्रशासनिक फेरबदल को प्रदेश की शासन व्यवस्था में जिम्मेदारियों के पुनर्गठन के तौर पर देखा जा रहा है। नई तैनाती के बाद संबंधित अधिकारी अपने-अपने विभागों में प्रशासनिक कार्यों को आगे बढ़ाएंगे।





















