बहराइच। रक्षाबंधन से पहले उत्तर प्रदेश की रसोइया माताओं के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बड़ी राहत का ऐलान किया है। लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित मिड-डे-मील रसोइयों के सम्मान समारोह में मुख्यमंत्री ने प्रदेश के 3.53 लाख से अधिक रसोइयों के मानदेय में बढ़ोतरी की घोषणा की। अब रसोइयों को हर महीने 2,000 रुपये की जगह 3,000 रुपये मानदेय मिलेगा। इसके साथ ही परिधान के लिए मिलने वाली राशि भी 500 रुपये से बढ़ाकर 1,000 रुपये कर दी गई है।
मुख्यमंत्री की घोषणा में सिर्फ मानदेय बढ़ाने तक बात सीमित नहीं रही। रसोइया और उनके परिवार को अब 5 लाख रुपये तक कैशलेस चिकित्सा सुविधा का लाभ मिलेगा। वहीं, दुर्घटना की स्थिति में रसोइया के परिवार को स्टेट बैंक के माध्यम से 2 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की भी व्यवस्था की गई है। इस दौरान मुख्यमंत्री ने रसोइया माताओं को कैशलेस चिकित्सा कार्ड भी वितरित किए। सरकार के इस फैसले से बहराइच जिले की 9,332 रसोइया माताओं को भी सीधा लाभ मिलेगा।
बहराइच के विकास भवन सभागार में भी रसोइया माता सम्मान समारोह आयोजित किया गया, जहां मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण दिखाया गया। कार्यक्रम में रसोइयों को सांकेतिक रूप से मानदेय का डेमो चेक और कैशलेस डेमो कार्ड देकर सम्मानित किया गया। जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने बच्चों को पौष्टिक एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने में रसोइया माताओं की भूमिका की सराहना की। वक्ताओं ने कहा कि स्कूलों में बच्चों के पोषण और स्वास्थ्य की जिम्मेदारी निभाने वाली ये महिलाएं विद्यालय परिवार की अहम कड़ी हैं।
सम्मान समारोह में मौजूद रसोइया माताओं के चेहरों पर सरकार की घोषणाओं को लेकर खुशी साफ नजर आई। लंबे समय से कम मानदेय में काम कर रहीं रसोइयों के लिए एक हजार रुपये की बढ़ोतरी छोटी रकम नहीं है। ऊपर से परिवार के लिए कैशलेस इलाज और दुर्घटना की स्थिति में आर्थिक मदद की सुविधा ने उनकी चिंता कुछ कम की है। रसोइया माताओं ने मुख्यमंत्री की घोषणाओं पर खुशी जताते हुए सरकार का आभार व्यक्त किया।





















