नानपारा/नवाबगंज। सावन के पावन अवसर पर नवाबगंज क्षेत्र के पांडवकालीन श्री शिव मंदिर मंगलीनाथ धाम में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। सुबह से ही हजारों कांवड़िया और श्रद्धालु मंदिर पहुंचने लगे। डाक बम कांवड़ियों के साथ बड़ी संख्या में महिलाओं का जत्था भी मंदिर पहुंचा और भगवान शिव के दर्शन कर पूजा-अर्चना की।
मंदिर परिसर में पहुंचते ही श्रद्धालुओं ने ‘हर-हर महादेव’ और ‘बोल बम’ के जयकारों से माहौल भक्तिमय कर दिया। कांवड़ियों और श्रद्धालुओं ने शिवलिंग पर जल चढ़ाया और बेलपत्र, धतूरा, भांग, फल-फूल आदि अर्पित कर भगवान शिव का आशीर्वाद लिया। सुबह से लेकर दिनभर मंदिर में श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला जारी रहा।
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क रहा। थाना प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र कुमार यादव ने मंदिर परिसर के साथ-साथ मुख्य मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था की कमान संभाली। पुलिस टीम ने भीड़ को व्यवस्थित करने और श्रद्धालुओं की आवाजाही सुचारू रखने के लिए निगरानी की।
मंगलीनाथ धाम में उमड़ी भीड़ ने एक बार फिर इलाके की धार्मिक आस्था की तस्वीर सामने रख दी। कांवड़ियों के उत्साह और शिवभक्तों के जयकारों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय नजर आया। श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना के बाद भगवान शिव से परिवार की सुख-शांति और समृद्धि की कामना की।



















