श्रावस्ती। जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग ने मंगलवार को विकासखंड हरिहरपुररानी के प्राथमिक विद्यालय भिट्ठी का औचक निरीक्षण कर शिक्षण व्यवस्था और स्कूल में उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बच्चों की उपस्थिति, पढ़ाई की गुणवत्ता, मध्यान्ह भोजन, साफ-सफाई और विभिन्न पंजिकाओं की स्थिति देखी। कई बिंदुओं पर खामियां मिलने पर डीएम ने संबंधित शिक्षकों को जरूरी निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान प्रधानाध्यापक अरविंद कुमार और शिक्षामित्र रामकली देवी उपस्थित मिले, जबकि शिक्षामित्र राधादेवी कई दिनों से अनुपस्थित पाई गईं। इस पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताते हुए संबंधित शिक्षामित्र के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए। वहीं, पंजीकृत बच्चों की संख्या के मुकाबले विद्यालय में उपस्थिति कम मिलने और उपस्थिति पंजिका व विफ्स पंजिका में अंतर पाए जाने पर उन्होंने प्रधान शिक्षक को कड़ी फटकार लगाई। डीएम ने शत-प्रतिशत बच्चों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने बच्चों से बातचीत कर पढ़ाई की गुणवत्ता भी परखी। उन्होंने एक छात्रा को ब्लैकबोर्ड पर जोड़-घटाव के सवाल हल करने के लिए दिए। कक्षा चार के छात्र अमन ने सवाल सही हल किया तो डीएम ने उसकी पीठ थपथपाकर उसका उत्साह बढ़ाया और मन लगाकर पढ़ाई जारी रखने के लिए प्रेरित किया। बच्चों से मध्यान्ह भोजन के बारे में पूछने पर उन्होंने बताया कि सब्जी युक्त दाल-चावल बना है, जो निरीक्षण में निर्धारित मीनू के अनुसार पाया गया।
स्कूल में कुछ बच्चे बिना यूनिफॉर्म के मिले। शिक्षकों ने बताया कि डीबीटी हस्तांतरण में समस्या के कारण यूनिफॉर्म की व्यवस्था नहीं हो सकी है। वहीं सभी बच्चों को पाठ्य पुस्तकें मिल चुकी थीं। विद्यालय में साफ-सफाई की स्थिति संतोषजनक रही, लेकिन शौचालय की स्थिति ठीक नहीं मिली, जिस पर डीएम ने नाराजगी जताते हुए बेहतर सफाई कराने के निर्देश दिए। इसके अलावा उन्होंने स्पोर्ट्स ग्रांट, कम्पोजिट ग्रांट और विफ्स पंजिका समेत अन्य अभिलेखों का भी निरीक्षण किया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।




















