बाराबंकी। मसौली थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह बांदा-बहराइच मार्ग पर बिंदौरा चौराहे के पास दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार डंपर ने ऑल्टो कार को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में कार सवार सरकारी शिक्षक, उनकी पत्नी, बेटी और बेटे की मौत हो गई, जबकि सात वर्षीय बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। पुलिस और स्थानीय लोगों ने कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला।
बताया जा रहा है कि परिवार लखनऊ की ओर जा रहा था। बिंदौरा चौराहे के पास रास्ता पूछने के दौरान कार को यू-टर्न लेने की कोशिश की जा रही थी। इसी दौरान लखनऊ से रामनगर की तरफ जा रहे मौरंग लदे डंपर ने कार को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि ऑल्टो कार का एक हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। सभी घायलों को एंबुलेंस से बड़ागांव सीएचसी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने चार लोगों को मृत घोषित कर दिया।
मृतकों की पहचान श्रावस्ती के भिनगा निवासी सरकारी शिक्षक मोहम्मद शरीफ (50), उनकी पत्नी तबस्सुम (45), बेटी रुसदा (27) और बेटे उजैम (22) के रूप में हुई है। बताया गया कि रुसदा कुछ दिन पहले घर आई थी और उसे लखनऊ छोड़ने के लिए माता-पिता निकले थे। परिवार के मुताबिक, दंपती को लखनऊ में रूटीन चेकअप भी कराना था। उजैम और सात वर्षीय हुदा ने भी साथ चलने की इच्छा जताई थी, जिसके बाद सभी पांच लोग कार से रवाना हुए थे।
हादसे में घायल सात वर्षीय हुदा को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया। सीएमओ डॉ. रंजन गौतम ने अस्पताल पहुंचकर बच्ची के स्वास्थ्य की जानकारी ली। डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है और फिलहाल उसकी हालत स्थिर बताई गई है। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया है, जबकि हादसे के बाद डंपर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में दबिश दे रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी हादसे का संज्ञान लेते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।





















