बाराबंकी: श्रावण मेला ड्यूटी के दौरान 10वीं वाहिनी पीएसी, बाराबंकी की डी दल ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा के साथ-साथ वन्यजीव संरक्षण के प्रति संवेदनशीलता का सराहनीय उदाहरण पेश किया। 24 अगस्त 2026 को सेनानायक राकेश कुमार सिंह, आईपीएस के निर्देशन और दलनायक शुभांशु दास के नेतृत्व में डी दल की ड्यूटी अयोध्या स्थित सरयू घाट पर लगाई गई थी।
सायंकाल सरयू आरती के दौरान कच्चा घाट पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ मौजूद थी। इसी बीच वहां एक जहरीला सर्प दिखाई देने से लोगों में अफरा-तफरी की स्थिति उत्पन्न हो सकती थी। सूचना मिलते ही ड्यूटी पर तैनात आरक्षी जगत पाल सिंह ने बिना घबराए मौके पर पहुंचकर सूझबूझ और साहस का परिचय दिया।
आरक्षी जगत पाल सिंह ने सावधानीपूर्वक सर्प का सुरक्षित रेस्क्यू किया और उसे श्रद्धालुओं की भीड़ से दूर ले जाया गया। इसके बाद सर्प को उसके अनुकूल प्राकृतिक आवास में सुरक्षित छोड़ दिया गया। इस कार्रवाई से जहां श्रद्धालुओं के बीच संभावित सर्पदंश की घटना को टालने में मदद मिली, वहीं सर्प की जान भी बच गई।
पीएसी जवान की इस तत्परता और संवेदनशील कार्रवाई की सराहना की जा रही है। ड्यूटी के दौरान उन्होंने न केवल श्रद्धालुओं की सुरक्षा को प्राथमिकता दी, बल्कि वन्यजीव संरक्षण के प्रति भी जिम्मेदारी दिखाई। यह घटना मानव सुरक्षा और वन्यजीव संरक्षण के बीच संतुलन का एक बेहतर उदाहरण है। पीएसी जवान की सूझबूझ से बिना किसी नुकसान के सर्प को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया। इससे ड्यूटी के दौरान जवानों की सजगता, साहस और पर्यावरण के प्रति संवेदनशीलता भी सामने आती है।






















