बहराइच: मिलाद-उन-नबी के मौके पर बहराइच शहर में जश्न का माहौल देखने को मिला। इस दौरान निकाले गए जुलूस में आपसी भाईचारे और गंगा-जमुनी तहजीब की मिसाल भी देखने को मिली। जुलूस में शामिल लोगों के लिए जगह-जगह स्थानीय लोगों ने खाने-पीने की व्यवस्था की। शहर के छोटी बाजार इलाके में समाजवादी पार्टी के ब्राह्मण नेता और पूर्व विधानसभा प्रत्याशी जयप्रकाश मिश्रा ने जुलूस में शामिल लोगों की खिदमत के लिए स्टॉल लगाया। यहां उन्होंने लोगों को पानी और खजूर वितरित किए। बड़ी संख्या में जुलूस में शामिल लोगों ने स्टॉल पर पहुंचकर पानी और खजूर ग्रहण किया।
मिलाद-उन-नबी के जुलूस के दौरान शहर के अलग-अलग इलाकों में लोगों की ओर से भी सेवा की गई। कहीं बिरयानी बांटी गई तो कहीं मीठा, पानी और कोल्ड ड्रिंक का वितरण किया गया। लोगों ने जुलूस में शामिल लोगों का स्वागत करते हुए आपसी भाईचारे और सौहार्द का संदेश दिया। इस दौरान सपा नेता जयप्रकाश मिश्रा भी जुलूस के बीच पहुंचे और लोगों की सेवा में जुट गए। उन्होंने कहा कि बहराइच की पहचान आपसी प्रेम, भाईचारे और गंगा-जमुनी तहजीब से रही है। त्योहारों के मौके पर एक-दूसरे की खुशी में शामिल होना इसी परंपरा का हिस्सा है।
मिलाद-उन-नबी के मौके पर शहर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी पुलिस-प्रशासन अलर्ट रहा। जुलूस के दौरान बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे और शांतिपूर्ण माहौल में कार्यक्रम संपन्न हुआ।
रिपोर्ट: रोहित श्रीवास्तव






















