लखनऊ: बिजनौर थाना क्षेत्र के परवर पूरब स्थित हिम्मत खेड़ा गांव में शराब पीने से मना करने को लेकर विवाद का मामला सामने आया है। गांव निवासी पप्पू रावत ने गांव के ही नक्के यादव उर्फ जागेश्वर पर जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए गाली-गलौज और मारपीट करने का आरोप लगाया है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पप्पू रावत पुत्र चन्द्रपाल के मुताबिक, 24 अगस्त की शाम करीब चार बजे वह खेत में अपने जानवर चरा रहा था। इसी दौरान गांव का नक्के यादव वहां पहुंचा और पास स्थित हैंडपंप पर शराब पीने लगा। आरोप है कि पप्पू ने उसे वहां शराब पीने से मना किया। पप्पू का आरोप है कि शराब पीने से मना करने पर नक्के यादव नाराज हो गया और उसके साथ जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए गाली-गलौज करने लगा। इसके बाद आरोपी ने कथित तौर पर उसके साथ मारपीट भी की।
पीड़ित के मुताबिक, वह किसी तरह आरोपी से बचकर वहां से निकला। आरोप है कि जाते समय नक्के यादव ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी। घटना के बाद पप्पू ने मामले की शिकायत बिजनौर थाने में की। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।






















