बहराइच: मटेरा थाना क्षेत्र के असवा मोहम्मदपुर गांव में चोरों ने एक खाली घर को निशाना बनाकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर घर का ताला तोड़कर अंदर दाखिल हुए और कमरे में रखी नकदी व आभूषण लेकर फरार हो गए। घटना के समय घर में कोई मौजूद नहीं था। पीड़िता सुनीता के मुताबिक, वह अपनी बेटी और दामाद के घर गई हुई थीं। उनकी बेटी की शादी हो चुकी है, जबकि उनके बेटे काम के सिलसिले में बाहर रहते हैं। इसी दौरान चोरों ने घर को सुनसान पाकर वारदात को अंजाम दिया।
पीड़िता जब वापस घर पहुंचीं तो घर का ताला टूटा हुआ मिला। अंदर जाकर देखा तो सामान बिखरा पड़ा था। आरोप है कि चोर घर में रखी नकदी और आभूषण चोरी कर ले गए। घटना की जानकारी मिलने के बाद पीड़िता ने मामले की शिकायत मटेरा थाने में करते हुए पुलिस को तहरीर दी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य संभावित सुरागों की भी पड़ताल कर रही है।
फिलहाल चोरी हुए सामान और नकदी की सही कीमत का आकलन किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट: रोहित श्रीवास्तव





















