National Sports Day 2026: राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर स्पोर्ट्स स्टेडियम भिनगा में आयोजित तीन दिवसीय खेल प्रतियोगिताओं का उत्साहपूर्ण माहौल में समापन हो गया। प्रतियोगिताओं में जिले के बालक और बालिका खिलाड़ियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और विभिन्न खेल स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के शुभारंभ अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी शाहिद अहमद ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने खिलाड़ियों को मेहनत, अनुशासन और लगन के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि खेल न केवल शारीरिक रूप से मजबूत बनाते हैं, बल्कि जीवन में अनुशासन और टीम भावना भी विकसित करते हैं।
एथलेटिक्स में सानिया और मयंक का शानदार प्रदर्शन
जूनियर एथलेटिक्स प्रतियोगिता में बालक और बालिका वर्ग के खिलाड़ियों ने 100 मीटर, 200 मीटर दौड़ और लंबी कूद सहित विभिन्न स्पर्धाओं में हिस्सा लिया। बालिका वर्ग में सानिया बानो ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 100 मीटर दौड़, 200 मीटर दौड़ और लंबी कूद में प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं बालक वर्ग में मयंक गुप्ता ने 100 मीटर दौड़ और लंबी कूद में पहला स्थान प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।
फुटबॉल में स्पोर्ट्स स्टेडियम की टीम बनी विजेता
14 वर्षीय बालक फुटबॉल प्रतियोगिता में स्पोर्ट्स स्टेडियम भिनगा की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया। जबकि उच्च प्राथमिक विद्यालय गोठवा की टीम उपविजेता रही। प्रतियोगिता के समापन पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को पदक और पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर जिला क्रीड़ा अधिकारी ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि निरंतर अभ्यास और सकारात्मक सोच के साथ खिलाड़ी जिले और प्रदेश का नाम रोशन कर सकते हैं।
Report: मनीष श्रीवास्तव






















