अखंडनगर, सुलतानपुर। मिशन शक्ति अभियान फेज-5 के तहत महिला सुरक्षा एवं सशक्तीकरण को लेकर ग्राम भेलारा में पुलिस द्वारा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता उपनिरीक्षक कृष्णा शुक्ला ने की।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को उनके अधिकारों के साथ-साथ महिला सुरक्षा से जुड़ी विभिन्न सरकारी योजनाओं और हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई। पुलिस टीम ने मिशन शक्ति से संबंधित रंग-बिरंगी जागरूकता पुस्तिकाओं का भी वितरण किया, जिनमें महिला सुरक्षा, हेल्पलाइन नंबरों तथा सरकारी योजनाओं से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां अंकित थीं।
पुलिस अधिकारियों ने महिलाओं से अपील की कि किसी भी प्रकार की समस्या या उत्पीड़न की स्थिति में वे बिना किसी डर के तत्काल पुलिस एवं संबंधित हेल्पलाइन की सहायता लें। अधिकारियों ने महिलाओं को जागरूक, आत्मनिर्भर और सुरक्षित रहने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में उपनिरीक्षक चांद सिंह यादव, दीवान महेंद्र यादव एवं समाजसेवी सूर्य प्रकाश तिवारी सहित अन्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।






















