श्रावस्ती, 1 सितंबर 2026। महिलाओं की समस्याओं को गंभीरता से सुनने और उन्हें अपनी बात रखने के लिए सुरक्षित माहौल देने के उद्देश्य से मंगलवार को कलेक्ट्रेट में ‘मां पाटेश्वरी शक्ति संवाद’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग ने अपने कार्यालय कक्ष में जिले के अलग-अलग क्षेत्रों से पहुंची महिला फरियादियों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान महिलाओं ने पारिवारिक विवाद, जमीन से जुड़े मामलों और सरकारी योजनाओं का लाभ न मिलने सहित कई समस्याएं जिलाधिकारी के सामने रखीं।
जिलाधिकारी ने प्रत्येक महिला की बात को ध्यान से सुना और संबंधित अधिकारियों को शिकायतों के जल्द और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ‘मां पाटेश्वरी शक्ति संवाद’ का मकसद केवल शिकायतें सुनना नहीं, बल्कि महिलाओं को ऐसा संवेदनशील माहौल उपलब्ध कराना है, जहां वे बिना झिझक अपनी समस्याएं सामने रख सकें। इस पहल से दूर-दराज के क्षेत्रों में रहने वाली महिलाओं को भी अपनी समस्याओं के समाधान के लिए स्थानीय स्तर पर बेहतर सुविधा मिल सकेगी।
यह कार्यक्रम आयुक्त देवीपाटन मंडल, गोंडा दुर्गा शक्ति नागपाल की पहल पर मंडल के जनपदों में प्रत्येक माह के प्रथम और तृतीय मंगलवार को आयोजित किया जा रहा है। इसके माध्यम से महिलाओं की शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर सुना जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी का रुख स्पष्ट रहा कि किसी भी महिला को अपनी समस्या के समाधान के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें और संबंधित विभाग पूरी संवेदनशीलता के साथ मामलों का निस्तारण करें।
वहीं, मंगलवार को आयोजित जनता दर्शन में जिलाधिकारी को कुल 17 शिकायतें प्राप्त हुईं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी शिकायतों का निर्धारित समय सीमा के भीतर निस्तारण किया जाए। जिलाधिकारी ने साफ कहा कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी भी तरह की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों से कागजी कार्रवाई तक सीमित न रहने और जरूरत पड़ने पर मौके पर जाकर वास्तविक स्थिति की जांच करते हुए समस्या का समाधान सुनिश्चित करने को कहा, ताकि फरियादियों को राहत मिल सके और उन्हें एक ही शिकायत के लिए बार-बार कार्यालय न आना पड़े।






















