श्रावस्ती। मल्हीपुर थाना क्षेत्र के परसोहना गांव में यूकेलिप्टस के पेड़ काटने की शिकायत को लेकर विवाद बढ़ने का मामला सामने आया है। आरोप है कि पुरानी रंजिश के चलते चार लोगों ने घर में घुसकर दंपती पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। घटना में महिला गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गई, जबकि उसके पति को भी चोटें आई हैं जानकारी के मुताबिक, गांव में यूकेलिप्टस के करीब 200 पेड़ काटे जाने की शिकायत को लेकर कुछ लोगों के बीच विवाद चल रहा था। आरोप है कि इसी मामले को लेकर पुरानी रंजिश के चलते चार दबंग लोग पीड़ित के घर में घुस गए और पति-पत्नी के साथ मारपीट शुरू कर दी।
हमले के दौरान महिला को गंभीर चोटें आईं और वह बेहोश हो गई। वहीं उसके पति को भी लाठी-डंडों से पीटकर घायल करने का आरोप है। घटना के बाद मौके पर पहुंचे लोगों ने दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मल्हीपुर पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल भिनगा रेफर कर दिया गया। महिला की हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे बेहतर उपचार के लिए बहराइच रेफर कर दिया।
घटना के संबंध में पीड़िता ने गांव के चार लोगों के खिलाफ मल्हीपुर थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। शिकायत में आरोपियों पर घर में घुसकर मारपीट करने का आरोप लगाया गया है। मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस जांच में जुट गई है। पुलिस का कहना है कि तहरीर और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। आरोपों की सत्यता सामने आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट: मनीष श्रीवास्तव





















