समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के प्रस्तावित बुलंदशहर दौरे को लेकर सियासी विवाद खड़ा हो गया है। सपा का आरोप है कि प्रशासन की ओर से कार्यक्रम और हेलीकॉप्टर के लिए अनुमति को लेकर पैदा की गई परिस्थितियों के चलते दौरा रद्द करना पड़ा। पार्टी के मुताबिक, अखिलेश यादव को बुलंदशहर में बूथ कार्यकर्ता सम्मेलन में शामिल होना था। सपा प्रवक्ता उदयवीर सिंह ने बताया कि पहले अखिलेश यादव का कार्यक्रम 22 अगस्त को प्रस्तावित था। उस समय जिला प्रशासन की ओर से कांवड़ यात्रा का हवाला देते हुए कार्यक्रम की अनुमति बाद में देने की बात कही गई थी। इसके बाद पार्टी ने 12 सितंबर को कार्यक्रम तय किया। उदयवीर सिंह के अनुसार, 11 सितंबर को प्रेस कॉन्फ्रेंस और अगले दिन कार्यकर्ताओं की बैठक का कार्यक्रम बनाया गया था। इसके लिए एक होटल में भी व्यवस्था की गई थी। पार्टी की ओर से अखिलेश यादव के हेलीकॉप्टर की लैंडिंग के लिए 11 सितंबर को पुलिस लाइन में अनुमति मांगी गई थी। सपा का कहना है कि पुलिस लाइन का हेलीपैड सुरक्षा के लिहाज से उपयुक्त होने के बावजूद वहां अनुमति नहीं दी गई। सपा प्रवक्ता के मुताबिक, बाद में प्रशासन ने 12 सितंबर को एक निजी जमीन पर हेलीकॉप्टर उतारने की अनुमति दी। पार्टी ने इसे कार्यक्रम में बाधा के तौर पर देखा और इसके बाद दौरा रद्द कर दिया गया।
अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर उठाए सवाल
मामले को लेकर अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने प्रशासन की ओर से हेलीपैड को लेकर बताई जा रही वजहों पर सवाल उठाते हुए कहा कि संबंधित स्थान पर व्यापक जलभराव नहीं है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष विशेषज्ञों से जांच कराने की मांग की। अखिलेश यादव ने यह भी सवाल उठाया कि यदि वह सड़क मार्ग से बुलंदशहर पहुंचने की कोशिश करते हैं तो क्या सड़क की स्थिति को लेकर भी कोई नई आपत्ति सामने आएगी। उन्होंने पूछा कि मौसम और हेलीपैड से जुड़ी दिक्कतें विपक्षी नेताओं के कार्यक्रमों के समय ही क्यों सामने आती हैं।
मंत्री दया शंकर सिंह ने सपा पर किया पलटवार
वहीं, सपा के आरोपों पर प्रदेश सरकार की ओर से परिवहन मंत्री दया शंकर सिंह ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव वास्तव में बुलंदशहर जाना ही नहीं चाहते और केवल सोशल मीडिया पर बयानबाजी कर रहे हैं। मंत्री ने अखिलेश यादव के पिछले एक साल के कार्यक्रमों का रिकॉर्ड देखने की बात भी कही। दया शंकर सिंह ने कहा कि यदि सपा प्रमुख को बुलंदशहर जाना है तो वहां एयरपोर्ट की सुविधा उपलब्ध है। उन्होंने सुझाव दिया कि अखिलेश यादव एयरपोर्ट पहुंचने के बाद सड़क मार्ग से कार्यक्रम स्थल तक जा सकते हैं।
चुनावी तैयारी में जुटी सपा
अखिलेश यादव के बुलंदशहर दौरे को लेकर शुरू हुआ विवाद ऐसे समय सामने आया है, जब समाजवादी पार्टी आगामी चुनावों को लेकर संगठनात्मक गतिविधियां तेज कर रही है। पार्टी की छात्र इकाई समाजवादी छात्र सभा ने भी अपने कार्यकर्ताओं के लिए नए ड्रेस कोड की घोषणा की है। अब कार्यकर्ता नीली टी-शर्ट, जींस और लाल टोपी में नजर आएंगे। ऐसे में अखिलेश यादव के दौरे को लेकर सपा और सरकार के बीच सामने आया यह विवाद आने वाले दिनों में और राजनीतिक रंग ले सकता है।





















