गांधीनगर: गुजरात के गांधीनगर में गुरुवार को बड़ा हादसा होते-होते टल गया। कुडासन इलाके में निर्माणाधीन इमारत में काम के दौरान अचानक स्लैब का एक हिस्सा नीचे आ गिरा। उस समय वहां काम कर रहे कई मजदूर मलबे की चपेट में आ गए। हादसे की खबर मिलते ही मौके पर हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही फायर विभाग की टीमें तत्काल घटनास्थल पर पहुंचीं और बचाव अभियान शुरू किया। राहतकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद मलबे में फंसे 15 मजदूरों को एक-एक कर बाहर निकाला। सभी को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। हादसे में घायल मजदूरों को मामूली चोटें आई हैं। अस्पताल में भर्ती 15 लोगों में से 12 का उपचार अभी चल रहा है, जबकि तीन मजदूरों को प्राथमिक इलाज के बाद घर जाने की अनुमति दे दी गई। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी की मौत नहीं हुई।
स्लैब डालने का चल रहा था काम
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, जिस समय हादसा हुआ उस वक्त इमारत में स्लैब से जुड़ा निर्माण कार्य चल रहा था। इसी दौरान अचानक निर्माणाधीन हिस्से के गिरने से मजदूर उसके नीचे फंस गए। घटना के बाद फायर विभाग के साथ अन्य राहत दल भी बचाव कार्य में जुटे रहे। गुजरात के डिप्टी सीएम हर्ष संघवी भी घटनास्थल पर पहुंचे और अधिकारियों से हादसे की जानकारी ली। उन्होंने मौके पर चल रहे राहत कार्य का जायजा लिया। गांधीनगर के फायर अधिकारी राजेश पटेल ने बताया कि कुडासन में निर्माणाधीन इमारत का एक हिस्सा गिरने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही फायर विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। हादसे से जुड़ी अन्य जानकारियां जुटाई जा रही हैं।
दिल्ली हादसे के बाद गांधीनगर की घटना ने बढ़ाई चिंता
गांधीनगर की यह घटना ऐसे समय हुई है, जब दिल्ली में हाल ही में एक इमारत ढहने से सात लोगों की जान चली गई थी। राजधानी में हुए उस हादसे के बाद अवैध और कमजोर निर्माण को लेकर सवाल उठे थे। दिल्ली पुलिस की जांच में सामने आया कि पुरानी इमारत की भार सहने की क्षमता की जानकारी होने के बावजूद उसमें अतिरिक्त मंजिलों का निर्माण कराया गया था। हादसे से पहले भी इमारत में निर्माण गतिविधियां जारी थीं। घटना के बाद दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अवैध निर्माण के खिलाफ सख्ती के निर्देश दिए। एमसीडी को गैरकानूनी ढांचों पर कार्रवाई करने के साथ ही पीजी और छात्रावासों की जांच के आदेश दिए गए हैं। अधिकारियों से भवनों के पुराने रिकॉर्ड की भी जांच करने को कहा गया है।





















