भंडारा: महाराष्ट्र के भंडारा जिले में शुक्रवार तड़के एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में आठ लोगों की मौत हो गई। मृतकों में तीन बच्चे भी बताए जा रहे हैं। हादसे में तीन अन्य लोग घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के मुताबिक, दुर्घटना नागपुर-रायपुर नेशनल हाईवे पर पिंपलगांव सड़क के पास हुई। भाऊ ढाबा के नजदीक एक पिकअप वाहन और ट्रक के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मौके पर ही कई लोगों की जान चली गई।
हादसे के बाद मची अफरातफरी
सुबह के वक्त हुई दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोगों को जैसे ही हादसे की जानकारी हुई, वे मौके पर पहुंचे और राहत कार्य में जुट गए। स्थानीय लोगों ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन से लोगों को निकालने की कोशिश की और घायलों की मदद की। कुछ ही देर में हादसे की सूचना पुलिस और प्रशासन को दी गई। जानकारी मिलते ही संबंधित अधिकारी और पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। टीम ने घायलों को बाहर निकालकर तत्काल अस्पताल भेजने की व्यवस्था की।
तीन घायलों का अस्पताल में इलाज
दुर्घटना में घायल हुए तीन लोगों को साकोली सब-डिस्ट्रिक्ट अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी। इस हादसे में आठ लोगों की मौत से इलाके में शोक का माहौल है। पुलिस दुर्घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।




















