लखनऊ। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (यूएफबीयू) के आह्वान पर शुक्रवार को राष्ट्रव्यापी बैंक हड़ताल रहेगी। हड़ताल के चलते सार्वजनिक क्षेत्र के सभी बैंकों की शाखाओं में सामान्य बैंकिंग सेवाएं प्रभावित रहेंगी। बैंक कर्मचारी और अधिकारी अपनी विभिन्न मांगों को लेकर प्रदर्शन करेंगे।
पांच दिनी बैंकिंग व्यवस्था की मांग
बैंक कर्मचारी और अधिकारी लंबे समय से पांच दिनी बैंकिंग व्यवस्था लागू करने समेत कई मांगें उठा रहे हैं। इसके अलावा भेदभाव रहित पीएलआई (परफॉर्मेंस लिंक्ड इंसेंटिव) योजना लागू करने की मांग भी शामिल है। इन्हीं मांगों को लेकर कर्मचारी-अधिकारी शुक्रवार को देशभर में प्रदर्शन करेंगे।
लखनऊ में शाखाओं पर प्रदर्शन
राजधानी लखनऊ में सार्वजनिक क्षेत्र के सभी बैंकों की शाखाओं पर कर्मचारी और अधिकारी प्रदर्शन करेंगे। इसके बाद सुबह 11 बजे हजरतगंज स्थित इंडियन बैंक की शाखा पर बड़ा प्रदर्शन प्रस्तावित है। इसमें बैंक कर्मचारी और अधिकारी अपनी मांगों को लेकर आवाज बुलंद करेंगे।
डिजिटल बैंकिंग सेवाओं का करें इस्तेमाल
हड़ताल को देखते हुए ग्राहकों को बैंकिंग जरूरतों के लिए डिजिटल माध्यमों का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है। एसबीआई ने अपने ग्राहकों से नकदी की जरूरत के लिए एटीएम और एडीब्ल्यूएम के साथ ग्राहक सेवा केंद्रों का उपयोग करने की अपील की है। इसके अलावा इंटरनेट बैंकिंग, मोबाइल बैंकिंग ऐप, यूपीआई और अन्य डिजिटल सेवाओं के जरिए जरूरी बैंकिंग लेनदेन करने की सलाह दी गई है। हड़ताल के कारण शाखाओं में होने वाले आमने-सामने के बैंकिंग काम प्रभावित हो सकते हैं।




















