दिल्ली में BRICS शिखर सम्मेलन को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं। सम्मेलन में शामिल होने वाले विदेशी नेताओं का भारत पहुंचना शुरू हो गया है। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन शुक्रवार तड़के दिल्ली पहुंचे। अब उनकी नजर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ होने वाली अहम बैठक पर है। राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन का विमान शुक्रवार तड़के करीब तीन बजे पालम एयरफोर्स स्टेशन पहुंचा। वह BRICS सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए भारत आए हैं। सम्मेलन से पहले शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पुतिन के बीच द्विपक्षीय बातचीत होगी। दोनों नेताओं के बीच रणनीतिक और आर्थिक सहयोग से जुड़े कई अहम मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है। वहीं, ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान भी शुक्रवार दोपहर दिल्ली पहुंचेंगे। शाम करीब सवा छह बजे उनकी प्रधानमंत्री मोदी के साथ द्विपक्षीय बैठक प्रस्तावित है। इस दौरान पश्चिम एशिया के मौजूदा हालात समेत आपसी हित से जुड़े मुद्दों पर बातचीत हो सकती है।
शनिवार को भारत आएंगे शी जिनपिंग
BRICS बैठक में चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग भी शामिल होंगे। वह शनिवार को दिल्ली पहुंचेंगे। भारत यात्रा के दौरान उनकी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ द्विपक्षीय मुलाकात भी होगी। ऐसे में सम्मेलन से इतर भारत-चीन संबंधों को लेकर होने वाली यह बैठक भी काफी अहम मानी जा रही है। दुनिया के कई प्रमुख नेताओं के दिल्ली पहुंचने के चलते राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था बेहद कड़ी कर दी गई है। महत्वपूर्ण इलाकों में सुरक्षा बलों की तैनाती बढ़ाई गई है और आने-जाने पर भी विशेष निगरानी रखी जा रही है।
मोदी-पुतिन बातचीत में इन मुद्दों पर नजर
प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति पुतिन की बातचीत में भारत-रूस के रक्षा और आर्थिक रिश्तों को आगे बढ़ाने से जुड़े विषय प्रमुख रह सकते हैं। सुखोई-57 से संबंधित संभावित सौदे, S-400 सिस्टम की डिलीवरी, कच्चे तेल की खरीद और स्थानीय मुद्राओं में व्यापार जैसे मुद्दों पर चर्चा की संभावना है। इसके अलावा आतंकवाद के खिलाफ सहयोग, अंतरिक्ष क्षेत्र में साझेदारी, ड्रग तस्करी रोकने और इंटरनेशनल नॉर्थ-साउथ ट्रांसपोर्ट कॉरिडोर को मजबूत करने जैसे विषय भी बातचीत का हिस्सा बन सकते हैं।
BRICS Business Forum में भी हुई चर्चा
शिखर सम्मेलन से पहले BRICS Business Forum की बैठक भी शुरू हो चुकी है। केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल और विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने बैठक को संबोधित किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी सम्मेलन को लेकर सोशल मीडिया पर अपनी बात रखी।
PM मोदी बोले- सकारात्मक बातचीत की उम्मीद
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आने वाले दिनों में दुनिया के कई नेता BRICS Summit के लिए एक मंच पर जुटेंगे। उन्होंने उम्मीद जताई कि सम्मेलन में वैश्विक कल्याण को ध्यान में रखते हुए विभिन्न मुद्दों पर सकारात्मक और सार्थक विचार-विमर्श होगा। दिल्ली में BRICS शिखर सम्मेलन 12 और 13 सितंबर को आयोजित किया जा रहा है। सम्मेलन में सदस्य देशों के अलावा आमंत्रित देशों के प्रतिनिधियों की भी भागीदारी होगी।





















