श्रावस्ती। जिले में इन दिनों खांसी, जुकाम और बुखार के मरीजों की संख्या में तेजी से बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। वायरल बुखार की शिकायत लेकर बड़ी संख्या में लोग जिला अस्पताल के साथ ही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) पहुंच रहे हैं। मरीजों की बढ़ती संख्या के कारण अस्पतालों में भीड़ का दबाव बढ़ गया है।
जिला अस्पताल में बेड को लेकर बढ़ी परेशानी
जिला अस्पताल में मरीजों की संख्या बढ़ने के चलते सभी बेड भरे हुए हैं। ऐसे में भर्ती होने वाले मरीजों और उनके तीमारदारों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अस्पताल में इलाज के लिए लगातार मरीज पहुंच रहे हैं। जिला अस्पताल के CMS डॉ. राज पाल सिंह ने बताया कि मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए डॉक्टरों की टीम लगातार उपचार में जुटी है। मरीजों को आवश्यक उपचार और राहत देने का प्रयास किया जा रहा है।
CHC-PHC में भी मरीजों की लंबी कतार
जिले के अलग-अलग CHC और PHC पर भी खांसी, जुकाम और बुखार की शिकायत वाले मरीज लगातार पहुंच रहे हैं। स्वास्थ्य केंद्रों पर बढ़ी भीड़ को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग की टीमें स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
गांवों में पहुंचकर जांच कर रही RBSK टीम
स्वास्थ्य विभाग की RBSK (राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम) टीमें गांव-गांव पहुंचकर जांच कर रही हैं। टीमों को मरीजों की पहचान करने और जरूरत के अनुसार उन्हें उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। CMO ने स्वास्थ्य विभाग की टीमों को लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। स्वास्थ्य विभाग का फोकस गांवों में भी मरीजों की स्थिति पर नजर रखने और जरूरतमंद लोगों को समय पर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने पर है।
रिपोर्ट: मनीष श्रीवास्तव, श्रावस्ती




















