बहराइच। प्राथमिक विद्यालय पिपरा पदारथ में आयोजित कार्यक्रम में पयागपुर विधायक सुभाष त्रिपाठी ने प्रतिभाशाली बच्चों को स्टडी टेबल वितरित कीं। ये स्टडी टेबल ग्राम प्रधान की ओर से उपलब्ध कराई गई थीं। विधायक ने बच्चों को स्टडी टेबल निशुल्क प्रदान कीं।
इस मौके पर विधायक सुभाष त्रिपाठी ने बच्चों और अभिभावकों को संबोधित करते हुए कहा कि सभी बच्चे मन लगाकर पढ़ाई करें और अपने उज्ज्वल भविष्य के लिए मेहनत करें। उन्होंने कहा कि शिक्षा से बच्चों का सर्वांगीण विकास संभव है। सरकार बच्चों के विकास और उनकी शिक्षा के लिए हरसंभव सहायता देने के लिए तत्पर है। बच्चों को जितना अधिक संभव हो, उतना मन लगाकर पढ़ाई करनी चाहिए।
कार्यक्रम का आयोजन एवं संचालन विद्यालय के प्रधानाध्यापक चंद्रकेश यादव ने किया। कार्यक्रम में ग्राम प्रधान छोटकऊ यादव, प्रधान प्रतिनिधि अजीत तिवारी, पूर्व प्रधान घनश्याम तिवारी, सहायक शिक्षक रेखा मौर्या, स्वामीनाथ यादव, शालिनी श्रीवास्तव, बीपीएम अनुपम शुक्ल, उमाशंकर तिवारी, ग्राम पंचायत सचिव रविंद्र तिवारी, विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष व सदस्य, अभिभावक, बच्चे और रसोइया मौजूद रहे।





















