श्रावस्ती में दीवानी न्यायालय कर्मचारी संघ ने अपनी लंबित सेवा संबंधी मांगों को लेकर आवाज बुलंद की है। संघ के जिला शाखा अध्यक्ष कौशल किशोर शुक्ला की अध्यक्षता में न्यायालय कर्मचारियों ने सदर विधायक श्रीमती इंद्राणी कैराती को मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से कर्मचारियों ने वर्ष 2021-22 से लंबित सेवा नियमावली में संशोधन को जल्द लागू करने की मांग की। इसके साथ ही संविदा कर्मचारियों के वेतन में बढ़ोतरी और उनका नियमितीकरण किए जाने की मांग भी उठाई गई।
कर्मचारियों ने लोप हो चुके वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी के पद को दोबारा सृजित करने की मांग रखी। वहीं, लिमिटेड कर्मियों को राजपत्रित अधिकारी जैसी प्रतिष्ठा प्रदान करने और मकान किराया भत्ते की दरों में पुनरीक्षण किए जाने का भी अनुरोध किया गया। संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि उनकी मांगें लंबे समय से शासन स्तर पर लंबित हैं। यदि इन मांगों का जल्द निस्तारण नहीं किया गया तो कर्मचारी आंदोलन को आगे बढ़ाने के लिए मजबूर होंगे।
संघ ने चेतावनी दी है कि मांगों के समाधान के लिए 2 अक्टूबर को शांतिपूर्ण तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। इसके बाद भी यदि मांगें पूरी नहीं हुईं तो 25 अक्टूबर 2026 को लखनऊ में प्रदेशभर के जनपद न्यायालय कर्मचारी सत्याग्रह आंदोलन करेंगे।
मनीष श्रीवास्तव | श्रावस्ती





















