कजरी तीज पर्व को लेकर श्रावस्ती पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता कर ली है। 14 सितंबर को सिरसिया थाना क्षेत्र स्थित बाबा विभूतिनाथ मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के जलाभिषेक के लिए पहुंचने की संभावना है। श्रद्धालुओं का आवागमन 13 सितंबर से ही पैदल और वाहनों के जरिए शुरू हो गया है। इसे देखते हुए पुलिस प्रशासन ने मेला क्षेत्र में व्यापक सुरक्षा और यातायात व्यवस्था की है। पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी ने ड्यूटी में तैनात सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को ब्रीफ करते हुए अपने-अपने निर्धारित प्वाइंट पर पूरी सतर्कता के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए। उन्होंने किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरतने को कहा। साथ ही जनपदीय नियंत्रण कक्ष और एलआईयू को सक्रिय रहने तथा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। मुख्य अग्निशमन अधिकारी को टीम के साथ निर्धारित स्थान पर सभी जरूरी इंतजामों के साथ मौजूद रहने को कहा गया है।
तीन जोन और सात सेक्टर में बांटा गया मेला क्षेत्र
कजरी तीज मेले की सुरक्षा के लिए मेला क्षेत्र को तीन जोन, सात सेक्टर और 20 बैरियर में बांटा गया है। इसके अलावा 14 पार्किंग स्थल, चार वॉच टावर, दो एक्सेस कंट्रोल टीम, तीन अस्थायी पुलिस चौकियां, 14 मोबाइल पार्टियां, दो क्यूआरटी और 11 पिकेट ड्यूटी लगाई गई हैं। आग से बचाव के लिए दो फायर टेंडर भी तैनात किए गए हैं। त्वरित कार्रवाई के लिए 1.5 सेक्शन फ्लड कंपनी पीएसी और दो प्लाटून पीएसी की तैनाती की गई है। मेले के प्रभारी अधिकारी अपर पुलिस अधीक्षक चंद्रकेश सिंह और सहायक अधिकारी क्षेत्राधिकारी भिनगा भरत पासवान रहेंगे।
दो शिफ्टों में तैनात रहेगा पुलिस बल
सुरक्षा व्यवस्था में श्रावस्ती और बाहरी जिलों के पुलिसकर्मियों को लगाया गया है। इनमें 22 निरीक्षक/थानाध्यक्ष, 124 पुरुष उपनिरीक्षक, आठ महिला उपनिरीक्षक, 392 मुख्य आरक्षी/आरक्षी, 92 महिला आरक्षी और 12 होमगार्ड शामिल हैं। पुलिसकर्मियों की ड्यूटी दो शिफ्टों में लगाई गई है। सभी जवान दंगा नियंत्रण उपकरणों के साथ तैनात रहेंगे। पूरे मेला क्षेत्र की निगरानी ड्रोन कैमरों से की जाएगी। इसके अलावा सादे कपड़ों में भी पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा के लिए एंटी रोमियो टीम को भी सक्रिय किया गया है।
जंगल से सटे क्षेत्र में जंगली जानवरों से बचाव के इंतजाम
बाबा विभूतिनाथ मंदिर का मेला क्षेत्र जंगल से सटा होने के कारण जंगली जानवरों से श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए भी विशेष इंतजाम किए गए हैं। पुलिस अधिकारियों को सतर्क रहने और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी ने बताया कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी जरूरी व्यवस्थाएं की गई हैं। यातायात को सुचारू रखने के लिए भी ट्रैफिक सिस्टम को मजबूत किया गया है। ब्रीफिंग के बाद पुलिस अधीक्षक ने मेला परिसर का भ्रमण कर सुरक्षा और यातायात व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक चंद्रकेश सिंह समेत क्षेत्राधिकारी और ड्यूटी में तैनात पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
Report: मनीष श्रीवास्तव





















