अयोध्या के रौनाही थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध अंग्रेजी शराब की तस्करी का खुलासा करते हुए दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सोमवार को लखनऊ-अयोध्या हाईवे पर मुबारकगंज के पास लिंक रोड से दोनों आरोपियों को पकड़ा। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गोरखपुर के चिलुआताल थाना क्षेत्र निवासी वीरेन्द्र मौर्या (27) और भोला निषाद (23) के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक दोनों के कब्जे से 24 गत्तों में रखी 672 बोतल और शीशियां बरामद की गईं। बरामद शराब की कुल मात्रा 314.97 लीटर बताई गई है। इसमें रॉयल ग्रीन, ब्लेंडर्स प्राइड और सिग्नेचर समेत कई ब्रांड की अंग्रेजी शराब शामिल है। पुलिस ने बरामदगी के बाद शराब को कब्जे में लेकर आरोपियों से पूछताछ शुरू की।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे हरियाणा से शराब लाकर बिहार में महंगे दामों पर बेचते थे। इससे पुलिस को शराब की अंतरराज्यीय तस्करी के नेटवर्क के बारे में अहम जानकारी मिलने की उम्मीद है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि तस्करी के इस धंधे में इनके साथ और कौन लोग जुड़े हैं और शराब की सप्लाई कहां-कहां की जाती थी।
पुलिस ने शराब के साथ तस्करी में इस्तेमाल की जा रही वैगनार कार संख्या MH31FE8306 भी बरामद की है। वाहन के जरूरी दस्तावेज नहीं मिलने पर उसे धारा 207 एमवी एक्ट के तहत सीज कर दिया गया। रौनाही पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है और तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाने में लगी है।




















