बहराइच रिजर्व पुलिस लाइन सभागार में पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव की अध्यक्षता में मासिक अपराध समीक्षा गोष्ठी आयोजित की गई। बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक नगर आयुष विक्रम सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण दुर्गा प्रसाद तिवारी, सभी क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी और विभिन्न शाखाओं के प्रभारी मौजूद रहे। एसपी ने जिले की कानून-व्यवस्था और अपराध की स्थिति की समीक्षा करते हुए अपराध नियंत्रण, प्रभावी गश्त और बेहतर पुलिसिंग को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने थानों पर आने वाले पीड़ितों और शिकायतकर्ताओं के साथ सम्मानजनक व्यवहार करने तथा उनकी शिकायतों का त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
बैठक में लंबित विवेचनाओं की समीक्षा करते हुए महिला अपराध, पॉक्सो, एससी-एसटी एक्ट और गंभीर मामलों का जल्द निस्तारण करने के निर्देश दिए गए। वांछित और वारंटी आरोपियों की गिरफ्तारी, आदतन अपराधियों की निगरानी तथा चोरी, लूट, नकबजनी, अवैध शस्त्र, मादक पदार्थ, पशु तस्करी और अवैध खनन से जुड़े मामलों में प्रभावी कार्रवाई पर भी जोर रहा। एसपी ने रात्रि गश्त, संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग, संवेदनशील स्थानों पर पुलिस की मौजूदगी, आईजीआरएस शिकायतों के समयबद्ध निस्तारण और थानों के अभिलेखों को अद्यतन रखने के निर्देश दिए। डिजिटल पुलिसिंग के तहत ई-सम्मन, ई-साक्ष्य, सीसीटीएनएस, सीएम डैशबोर्ड और अन्य तकनीकी पोर्टलों के प्रभावी इस्तेमाल पर भी जोर दिया गया।
आगामी गणेश विसर्जन, अनंत चतुर्दशी, पितृपक्ष, गांधी जयंती, शारदीय नवरात्रि और विजयादशमी को देखते हुए एसपी ने विशेष सतर्कता बरतने को कहा। संवेदनशील और धार्मिक स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, रूट मार्च, फ्लैग मार्च और पीस कमेटी की बैठकें कराने के साथ आयोजकों, धर्मगुरुओं और संभ्रांत लोगों से लगातार संवाद बनाए रखने के निर्देश दिए गए। सोशल मीडिया पर अफवाह या भ्रामक सूचना फैलाने वालों पर कार्रवाई और यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए भी अधिकारियों को सतर्क रहने को कहा गया। वहीं, सीमा क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों पर तत्काल नजर रखने और डायल-112 की पेट्रोलिंग व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए गए।
गोष्ठी के अंत में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को सम्मानित किया गया। इनमें विद्युत तार चोरी के मामले में पांच आरोपियों की गिरफ्तारी, सीईआईआर पोर्टल के जरिए 211 गुम मोबाइल बरामद कराने, 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी की गिरफ्तारी और भारत-नेपाल सीमा पर मादक पदार्थ तस्करों को पकड़ने वाली टीम शामिल रही। इसके अलावा चोरी-लूट के आरोपियों के सत्यापन, नए सीसीटीवी कैमरे लगवाने, डिजिटल पुलिसिंग में बेहतर प्रदर्शन और गंभीर आपराधिक मामलों में प्रभावी पैरवी कर सजा दिलाने वाले पुलिसकर्मियों को भी सम्मानित किया गया। एसपी ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों से टीम भावना के साथ काम कर आमजन के बीच पुलिस के प्रति विश्वास और मजबूत करने की अपेक्षा जताई।




















