अखण्डनगर, सुल्तानपुर। ग्राम पाराबासूपुर में बड़गांव से ब्लॉक मुख्यालय जाने वाले सड़क मार्ग पर लंबे समय से लटक रही कंटीली झाड़ियों से राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। सड़क के किनारे फैली झाड़ियों के चलते आने-जाने वालों को रास्ते में दिक्कत होती थी और कई बार वाहन चालकों को भी सावधानी बरतनी पड़ती थी।
राहगीरों के मुताबिक, झाड़ियों की सफाई को लेकर निवर्तमान ग्राम प्रधान से कई बार शिकायत की गई, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो सका। इसके बाद रामसुमेर (विधायक), राम समारू गौतम और पवन कुमार (बीडीसी प्रतिनिधि) ने मौके पर पहुंचकर खुद झाड़ियों की कटाई शुरू कर दी। उन्होंने सड़क किनारे लटक रही कंटीली डालियों को काटकर रास्ते से हटाया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क किनारे झाड़ियों की वजह से खासकर दोपहिया वाहन चालकों और पैदल राहगीरों को परेशानी होती थी। सफाई होने के बाद सड़क पर आवागमन कुछ आसान हुआ है और राहगीरों ने राहत की सांस ली। मौके पर मौजूद लोगों ने इस पहल की सराहना भी की।
गौरतलब है कि पंचायत क्षेत्र में सड़क किनारे उगी झाड़ियों की समय-समय पर सफाई न होने से राहगीरों को परेशानी होती है। ऐसे में जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों की ओर से की गई इस तरह की पहल से तत्काल समस्या का समाधान किया जा सकता है। स्थानीय लोगों ने आगे भी सड़क किनारे नियमित सफाई की व्यवस्था बनाए रखने की जरूरत बताई।





















