श्रावस्ती में बुधवार को मौसम ने एक बार फिर करवट बदली। तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश शुरू होने से जहां लोगों को गर्मी से राहत मिली, वहीं किसानों की चिंता बढ़ गई। अचानक बदले मौसम से खेतों में तैयार खड़ी फसलों को लेकर किसान परेशान नजर आए।
बारिश और तेज हवाओं का असर धान, तिल और उड़द की फसलों पर पड़ने की आशंका जताई जा रही है। किसानों का कहना है कि यदि बारिश इसी तरह जारी रही तो खेतों में खड़ी फसलों को नुकसान हो सकता है। पहले ही मौसम की मार झेल चुके किसानों के लिए दोबारा बारिश परेशानी बढ़ाने वाली साबित हो रही है।
गौरतलब है कि हाल ही में ‘अर्नव’ तूफान के दौरान भी जिले में तेज हवाओं और बारिश ने काफी असर डाला था। कई जगह पेड़ और फसलें प्रभावित हुई थीं, जबकि विद्युत व्यवस्था भी बेपटरी हो गई थी। उस नुकसान से किसान अभी पूरी तरह उबर भी नहीं पाए थे कि एक बार फिर तेज हवाओं के साथ बारिश ने उनकी चिंता बढ़ा दी है।
ग्रामीण इलाकों में किसान अब मौसम साफ होने का इंतजार कर रहे हैं। एक ओर बारिश से गर्मी से राहत मिली है तो दूसरी ओर फसलों के नुकसान की आशंका ने किसानों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। किसानों की नजर अब मौसम के अगले रुख और बारिश की स्थिति पर टिकी हुई है।





















