अयोध्या में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनप्रतिनिधि के रूप में 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर बुधवार को ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत सेवा ज्योति पद यात्रा निकाली गई। सहादतगंज स्थित फॉरएवर लॉन से शुरू हुई यात्रा से पहले भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उद्बोधन का लाइव प्रसारण सुना। इसके बाद सेवा ज्योति प्रज्वलित कर यात्रा का शुभारंभ किया गया।
बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता सेवा ज्योति लेकर यात्रा में शामिल हुए। पद यात्रा सहादतगंज से रामपथ स्थित गरुड़ द्वार तक पहुंची। इस दौरान कार्यकर्ताओं में उत्साह नजर आया। यात्रा के माध्यम से सेवा, जनकल्याण और सामाजिक सरोकार का संदेश देने का प्रयास किया गया।
कार्यक्रम के बाद भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री एवं उत्तर प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े ने कहा कि भाजपा के लिए राजनीति सत्ता प्राप्ति का माध्यम नहीं, बल्कि समाज की सेवा का माध्यम है। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता सेवा को अपने राजनीतिक जीवन का आधार मानकर काम करते हैं और सेवा संकल्प अभियान के जरिए समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचकर जरूरतमंदों की सहायता करने का प्रयास किया जा रहा है।
वहीं, भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष अवधेश द्विवेदी ने महानगर के किसी प्रमुख चौराहे का नाम ‘सेवा ज्योति चौराहा’ रखने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि यह चौराहा सेवा, समर्पण और समाज के प्रति दायित्व की भावना का प्रतीक बनेगा। कार्यक्रम में प्रदेश मंत्री एवं महानगर प्रभारी शिव भूषण सिंह, एमएलसी एवं जिला प्रभारी अनूप गुप्ता, विधायक वेद प्रकाश गुप्ता, रामचंद्र यादव, अमित सिंह चौहान, चंद्रभान पासवान, पूर्व सांसद लल्लू सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष रोली सिंह, महापौर महंत गिरीश पति त्रिपाठी, महानगर अध्यक्ष कमलेश श्रीवास्तव और जिला अध्यक्ष राधेश्याम त्यागी समेत बड़ी संख्या में पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।





















