अयोध्या में भारी बारिश के बाद फतेहगंज के ऋषि टोला इलाके में नाला उफना गया। नाले के ऊपर बनी सड़क पर खुले होल के कारण एक ऑटो अनियंत्रित होकर नाले में पलट गया। हादसे के समय ऑटो में करीब छह से आठ लोग सवार बताए जा रहे हैं।
ऑटो के नाले में पलटने के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से ऑटो में सवार बच्चों और महिलाओं को बाहर निकाला गया। हादसे में सभी यात्रियों के बाल-बाल बचने की बात सामने आई है। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि नाले का होल खुला होने के कारण यह हादसा हुआ। उनका कहना है कि भारी बारिश के दौरान नाला उफनाने से सड़क पर स्थिति और खतरनाक हो गई थी। ऐसे में खुले होल की वजह से ऑटो चालक को खतरे का अंदाजा नहीं हो सका।
घटना के बाद नगर निगम की व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों ने खुले होल को तत्काल बंद कराने और बारिश के दौरान जलभराव वाले इलाकों में सुरक्षा के इंतजाम करने की मांग की है। फिलहाल हादसे में किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है।





















