लखनऊ के सरोजनीनगर स्थित बिजनौर थाना क्षेत्र में कमरा दिलाने के कमीशन को लेकर दो युवकों के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। मामले में कानपुर नगर के चमनगंज निवासी सिद्धार्थ गुप्ता ने लतीफ नगर निवासी सत्यम गौड़ और उसके तीन अज्ञात साथियों के खिलाफ बिजनौर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सिद्धार्थ के मुताबिक छह अक्तूबर को वह आजमगढ़ के महाराजगंज क्षेत्र के सुरजीपुर निवासी अपने दोस्त आशीष शर्मा के साथ कमरे पर जा रहा था। आरोप है कि इसी दौरान बिजनौर के मुल्लाहीखेड़ा स्थित भारत पेट्रोल पंप के पास सत्यम गौड़ ने अपने तीन साथियों के साथ दोनों को रोक लिया। आरोप है कि कमरा दिलाने के कमीशन को लेकर विवाद के बाद आरोपियों ने दोनों के साथ मारपीट शुरू कर दी।
मारपीट में सिद्धार्थ के सिर और आशीष के पैर में चोटें आई हैं। पीड़ित का आरोप है कि हमलावरों ने उनके साथ गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी भी दी। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पीड़ित ने पुलिस से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की।
बिजनौर पुलिस ने सिद्धार्थ की तहरीर के आधार पर सत्यम गौड़ और उसके तीन अज्ञात साथियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े तथ्यों तथा आरोपों की पुष्टि के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।





















