विवेक विश्नोई, औरैया। औरैया के फफूंद थाना क्षेत्र में सेंगर नदी में मछली पकड़ने गए 30 वर्षीय युवक की डूबने से मौत हो गई। गुरुवार को नदी में गया युवक देर शाम तक घर नहीं लौटा तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। शुक्रवार सुबह करीब नौ बजे नदी किनारे शव मिलने की सूचना से परिवार में कोहराम मच गया।
फफूंद क्षेत्र के गांव जुआ निवासी प्रेमानंद पुत्र शंकर लाल गुरुवार को गांव के पास बहने वाली सेंगर नदी में मछली पकड़ने गया था। देर शाम तक उसके घर नहीं पहुंचने पर परिजन परेशान हो गए और आसपास के इलाकों में उसकी खोजबीन की। काफी प्रयास के बाद भी कोई जानकारी नहीं मिली। शुक्रवार सुबह ग्रामीणों ने नदी किनारे शव पड़ा देखा और पुलिस व परिजनों को सूचना दी।
मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान प्रेमानंद के रूप में की। सूचना मिलने पर पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद से परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।
थानाध्यक्ष अजय कुमार ने बताया कि युवक की मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। प्रेमानंद अविवाहित था और मजदूरी करके अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। उसकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।





















