कहा- आपकी आवाज आपका हक, आपकी सुरक्षा हमारा फर्ज
नई दिल्ली। कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के प्रस्तावित प्रदर्शन से पहले दिल्ली पुलिस ने लोगों से शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है। पुलिस ने खुले पत्र के जरिए कहा कि नागरिकों की आवाज उनका अधिकार है और उनकी सुरक्षा पुलिस की जिम्मेदारी है। पत्र में पुलिसकर्मियों के मानवीय पक्ष का भी उल्लेख किया गया है।
दिल्ली पुलिस ने अपने संदेश में लिखा, “प्रिय नागरिकों, आपकी आवाज आपका हक है और आपकी सुरक्षा हमारा फर्ज है।” पुलिस ने आगे कहा कि वर्दी के पीछे भी एक इंसान है, जिसका अपना परिवार और अपने लोग हैं। फर्क सिर्फ वर्दी का है, इंसानियत का नहीं। पत्र के अंत में पुलिस ने ‘विद केयर, दिल्ली पुलिस’ लिखकर अपनी अपील पूरी की।
सीजेपी को नहीं मिली प्रदर्शन की अनुमति
सीजेपी ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन का आह्वान किया है। दिल्ली पुलिस ने इस प्रदर्शन की अनुमति देने से इनकार कर दिया है।
संयुक्त पुलिस आयुक्त नूपुर प्रसाद के अनुसार, पार्टी के सह-संयोजक सौरव दास की ओर से प्रदर्शन के लिए आवेदन दिया गया था। पुलिस ने आवेदन पर विचार करने के बाद कहा कि सूचना निर्धारित समय से काफी कम पहले दी गई थी। पुलिस के मुताबिक, तय दिशानिर्देशों के तहत प्रदर्शन की जानकारी कम से कम 10 दिन पहले देना आवश्यक है।
पुलिस ने यह भी कहा कि पूर्व में पार्टी को प्रदर्शन की अनुमति दी गई थी, लेकिन उस दौरान कानूनी निर्देशों और दिए गए आश्वासनों का पालन नहीं किया गया था। इन्हीं परिस्थितियों और मौजूदा कानून-व्यवस्था की स्थिति को देखते हुए इस बार अनुमति नहीं दी गई।
नई दिल्ली क्षेत्र में धारा 163 लागू
दिल्ली पुलिस के मुताबिक, नई दिल्ली क्षेत्र में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 163 के तहत प्रतिबंध लागू हैं। इस प्रावधान के अंतर्गत सार्वजनिक व्यवस्था और सुरक्षा बनाए रखने के लिए आवश्यक निवारक आदेश जारी किए जा सकते हैं।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि प्रतिबंधों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जा सकती है। प्रशासन का कहना है कि यातायात व्यवस्था, सार्वजनिक सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्राथमिकता है।
पुलिस की अपील- शांति और सुरक्षा बनाए रखें
प्रस्तावित प्रदर्शन को लेकर दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। पुलिस ने अपने खुले पत्र के माध्यम से नागरिकों से अपील की है कि वे अपने अधिकारों का इस्तेमाल करते समय कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।
पुलिस के संदेश में नागरिकों के अधिकारों और सुरक्षा के बीच संतुलन बनाने पर जोर दिया गया है।





















