आजमगढ़ में अपर पुलिस अधीक्षक नगर मधुबन कुमार सिंह और अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण चिराग जैन के स्थानांतरण पर गुरुवार को पुलिस लाइन स्थित सभागार में विदाई समारोह आयोजित किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने दोनों अधिकारियों को पुष्पगुच्छ भेंट कर और माल्यार्पण कर सम्मानित किया। इस दौरान उनके कार्यकाल की सराहना करते हुए नई जिम्मेदारियों के लिए शुभकामनाएं दी गईं।
मधुबन कुमार सिंह का स्थानांतरण पुलिस अधीक्षक के पद पर जनपद हापुड़ में हुआ है। वहीं, चिराग जैन को अपर पुलिस अधीक्षक नगर के पद पर जनपद बरेली में नई तैनाती मिली है। दोनों अधिकारियों के स्थानांतरण के बाद पुलिस विभाग में आयोजित इस कार्यक्रम में उनके कार्यकाल और योगदान को याद किया गया।
एसएसपी डॉ. अनिल कुमार ने कहा कि दोनों अधिकारियों ने जनपद में कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराध नियंत्रण और जनसेवा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने उम्मीद जताई कि दोनों अधिकारी नई तैनाती पर भी अपनी जिम्मेदारियों का कुशलतापूर्वक निर्वहन करेंगे और बेहतर पुलिसिंग के लिए काम करते रहेंगे।
समारोह में मौजूद पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी दोनों अधिकारियों को पुष्पगुच्छ भेंट कर उनके अच्छे स्वास्थ्य, उज्ज्वल भविष्य और नई जिम्मेदारियों में सफलता की कामना की। इस अवसर पर सहायक पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी सदर, क्षेत्राधिकारी नगर समेत अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।





















