बहराइच के मिहींपुरवा में आदर्श श्रीरामलीला दशहरा महोत्सव की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को एसडीएम मोनालिसा जौहरी ने रामलीला मेला मैदान का निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ सीओ मिहींपुरवा और एसओ भी मौजूद रहे। एसडीएम ने आयोजन स्थल पर व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को विभागवार जिम्मेदारी सौंपने और सभी तैयारियां समय से पूरी कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने पुलिस अधिकारियों को मेले में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने, भीड़ नियंत्रण और यातायात को सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोपरि है। इसके लिए पुलिसकर्मी सतर्कता के साथ ड्यूटी करें और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए जरूरी इंतजाम पहले से सुनिश्चित रखें।
विद्युत व्यवस्था को लेकर एसडीएम ने बिजली विभाग के एसडीओ को मेला परिसर में पर्याप्त रोशनी और निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित कराने को कहा। उन्होंने विद्युत तारों, कनेक्शनों और अन्य उपकरणों की जांच कराने पर भी जोर दिया, ताकि आयोजन के दौरान किसी तरह की दुर्घटना की आशंका न रहे। वहीं, नगर पंचायत मिहींपुरवा के अधिशासी अधिकारी को मेला परिसर और आसपास नियमित सफाई कराने, कूड़े का उचित निस्तारण करने तथा स्वच्छ वातावरण बनाए रखने के निर्देश दिए।
एसडीएम मोनालिसा जौहरी ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने और व्यवस्थाओं में लापरवाही न बरतने की हिदायत दी। उन्होंने श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और स्वच्छता को प्राथमिकता देते हुए रामलीला महोत्सव को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने पर जोर दिया। निरीक्षण के दौरान सीओ, एसओ सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।





















