सुल्तानपुर के अखंडनगर बाजार का प्रमुख चौराहा वर्षों से खराब पड़ी हाईमास्ट लाइट के कारण अंधेरे में डूबा है। चौराहे को रोशन करने के लिए विधायक निधि से लाखों रुपये खर्च कर लाइट लगाई गई थी, लेकिन अब यह शोपीस बनकर रह गई है। स्थानीय बाजार वासियों का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद संबंधित जिम्मेदारों ने इसकी मरम्मत कराने की पहल नहीं की।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, हाईमास्ट लाइट शुरुआती दिनों में कुछ समय तक जली, लेकिन इसके बाद खराब हो गई। धीरे-धीरे हालात ऐसे हो गए कि शाम होते ही चौराहे पर अंधेरा छा जाता है। लोगों का कहना है कि दुर्गा पूजा जैसे प्रमुख त्योहार के दौरान भी रोशनी की व्यवस्था दुरुस्त नहीं हो सकी, जबकि इस समय बाजार में लोगों की आवाजाही बढ़ जाती है।
चौराहे पर पर्याप्त रोशनी नहीं होने से बाजार आने-जाने वाले लोगों और दुकानदारों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। त्योहारों और शाम के समय बाजार में भीड़ बढ़ने के कारण खराब पड़ी लाइट की समस्या और ज्यादा महसूस होती है। स्थानीय लोगों का सवाल है कि जब जनहित में सरकारी धन खर्च कर हाईमास्ट लाइट लगाई गई थी, तो उसकी नियमित देखरेख और मरम्मत की व्यवस्था क्यों नहीं की गई।
बाजार वासियों ने संबंधित विभाग और जनप्रतिनिधियों से हाईमास्ट लाइट की जल्द मरम्मत कराने की मांग की है। उनका कहना है कि सरकारी धन से लगाई गई सुविधाओं का लाभ लोगों तक पहुंचना चाहिए और खराब उपकरणों की जिम्मेदारी तय होनी चाहिए। अब देखना होगा कि संबंधित अधिकारी इस समस्या को दूर करने के लिए कब तक कदम उठाते हैं।





















