अयोध्या में रविवार को फिल्म अभिनेत्री और भाजपा सांसद कंगना रनौत ने रिकाबगंज महिला थाना के बगल स्थित एक ज्वेलरी स्टोर का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने रामनगरी में हो रहे विकास कार्यों का जिक्र करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन के अनुरूप अयोध्या का विकास तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने बेहतर सड़कों, एयरपोर्ट और आधुनिक सुविधाओं के विस्तार का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में हो रहे कार्यों की भी चर्चा की।
अपने संबोधन की शुरुआत ‘जय श्रीराम’ के उद्घोष से करते हुए कंगना रनौत ने अयोध्या की धार्मिक महत्ता पर बात की। उन्होंने कहा कि रामनगरी के दर्शन का अवसर मिलना सौभाग्य की बात है। राममंदिर के निर्माण के बाद अयोध्या देश ही नहीं, बल्कि दुनिया भर के श्रद्धालुओं के लिए आस्था का प्रमुख केंद्र बनकर उभरी है। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में लोग प्रभु श्रीराम के दर्शन करने और रामनगरी आने की इच्छा रखते हैं।
आभूषणों के महत्व पर बोलते हुए कंगना ने कहा कि भारतीय समाज में गहने केवल सजने-संवरने या निवेश का साधन नहीं हैं, बल्कि इनका सांस्कृतिक और भावनात्मक जुड़ाव भी है। आभूषण भारतीय परंपराओं, शुभता और पारिवारिक भावनाओं का प्रतीक हैं। इन्हें उपहार के रूप में देना प्रेम और यादों को संजोने का माध्यम भी है। उन्होंने बताया कि उन्होंने रामकथा से प्रेरित आभूषण धारण किए हैं।
कार्यक्रम में अयोध्या के विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने कहा कि अपनी पौराणिक पहचान के लिए प्रसिद्ध अयोध्या अब विश्वस्तरीय नगरी के रूप में विकसित हो रही है। राममंदिर ने शहर की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान को वैश्विक स्तर पर नई पहचान दिलाई है। कंगना रनौत के आगमन की सूचना पर कार्यक्रम स्थल पर लोगों की भीड़ जुटी रही और प्रशंसक उनकी एक झलक पाने के लिए उत्सुक दिखाई दिए।





















