गोरखपुर में 9.18 लाख किसानों के खातों में 493 करोड़ रुपये हस्तांतरित; सपा पर निशाना साधते हुए बोले- शिक्षा और सपा कभी न मिलने वाली नदी के दो छोर
गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कांग्रेस को नेतृत्व बदलने की सलाह दी। सोमवार को गोरखपुर में कृषि निवेश अनुदान वितरण कार्यक्रम के दौरान उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस अपनी राजनीतिक विफलताओं को छिपाने के लिए अराजकता फैलाने का प्रयास कर रही है। योगी ने कहा कि जिस नेतृत्व पर जनता का विश्वास नहीं रह गया है, उसे बदलने की जरूरत है। उन्होंने चेतावनी दी कि कांग्रेस अराजकता फैलाने से बाज नहीं आई तो जनता उसका बचा-खुचा राजनीतिक अस्तित्व भी समाप्त कर देगी।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रदेश के 9 लाख 18 हजार 91 किसानों के खातों में 493 करोड़ रुपये की राहत राशि हस्तांतरित की। यह सहायता बाढ़, अतिवृष्टि, ओलावृष्टि और चक्रवात जैसी प्राकृतिक आपदाओं से फसलों को हुए नुकसान की भरपाई के लिए दी गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आपदा प्रभावित किसानों को समय पर राहत पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने दावा किया कि सहायता राशि सीधे बैंक खातों में भेजे जाने से बिचौलियों की भूमिका समाप्त हुई है।
सपा को किसानों का श्राप ले डूबा
समाजवादी पार्टी पर हमला बोलते हुए योगी आदित्यनाथ ने वर्ष 2014 में आए हुदहुद चक्रवात का जिक्र किया। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार ने किसानों की सहायता के लिए 3,200 करोड़ रुपये दिए थे, लेकिन तत्कालीन सपा सरकार के कार्यकाल में किसानों तक केवल 800 करोड़ रुपये ही पहुंचे। उन्होंने शेष राशि के दुरुपयोग का भी आरोप लगाया।
योगी ने कहा कि किसानों का श्राप सपा को ले डूबा और उसकी सरकार चली गई। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि वर्ष 2017 में सत्ता संभालने के बाद उनकी सरकार ने इस मामले की जांच कराई। किसानों को पूरा मुआवजा नहीं मिलने की जानकारी सामने आने के बाद अतिरिक्त धनराशि उनके खातों में भेजी गई। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली सरकारों में राहत राशि के वितरण में अनियमितताएं होती थीं, जबकि मौजूदा सरकार सीधे लाभार्थियों के खातों में पैसा भेज रही है।
सपा और शिक्षा को लेकर भी साधा निशाना
मुख्यमंत्री ने सपा पर जाति के नाम पर समाज को बांटने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सपा और शिक्षा कभी न मिलने वाली नदी के दो छोर हैं। योगी ने कहा कि सरकार केवल फसलों को हुए नुकसान की भरपाई तक सीमित नहीं है, बल्कि प्राकृतिक आपदाओं में जनहानि और मकानों को हुए नुकसान के लिए भी सहायता उपलब्ध करा रही है।
बिजली गिरने से मौत पर 24 घंटे में पांच लाख की सहायता
योगी आदित्यनाथ ने आकाशीय बिजली से होने वाली जनहानि रोकने के लिए उठाए जा रहे कदमों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि कई जिलों में पूर्व चेतावनी प्रणाली लगाई जा रही है, ताकि लोगों को समय रहते सतर्क किया जा सके। मुख्यमंत्री के मुताबिक, आकाशीय बिजली गिरने से किसी व्यक्ति की मृत्यु होने पर 24 घंटे के भीतर पांच लाख रुपये की सहायता देने की व्यवस्था है।
उन्होंने अधिकारियों को बाढ़ और कटान प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल राहत पहुंचाने के निर्देश भी दिए। मुख्यमंत्री ने आपदा प्रभावित लोगों को सहायता उपलब्ध कराने में तेजी और संवेदनशीलता बरतने पर जोर दिया।
मिशन शक्ति जागरूकता रैली को दिखाई हरी झंडी
कार्यक्रम से पहले मुख्यमंत्री ने मिशन शक्ति के छठे चरण के तहत आयोजित जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस रैली में 500 से अधिक महिलाओं ने भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।





















