अयोध्या: जनसुनवाई में 17 शिकायतें पहुंचीं, 10 का मौके पर निस्तारण; महापौर ने दिए निर्देश
अयोध्या नगर निगम में आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई में नागरिकों की समस्याएं सुनी गईं। इस दौरान कुल 17 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 10 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायतों के जल्द समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। जनसुनवाई की अध्यक्षता महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी ने की।
महापौर ने अधिकारियों और कर्मचारियों से कहा कि जनता को एक ही काम के लिए दोबारा नगर निगम न आना पड़े, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने निर्देश दिया कि अधिकारी जरूरत के अनुसार मौके पर जाकर नागरिकों की समस्याओं का समाधान करें। साथ ही कहा कि वर्षा ऋतु समाप्त हो चुकी है, इसलिए निर्माण कार्यों में तेजी लाई जाए और बारिश के कारण क्षतिग्रस्त हुए मार्गों की मरम्मत कराई जाए।
नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार ने लंबित शिकायतों के निस्तारण में गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जनसुनवाई के दौरान सड़क और नाली निर्माण, जलभराव, पेयजल आपूर्ति, सीवर लाइन की खोदाई, गृहकर और जलकर से जुड़ी समस्याओं के साथ अन्य नागरिक सुविधाओं से संबंधित शिकायतें भी सामने आईं।
इस अवसर पर अपर नगर आयुक्त डॉ. नागेंद्र नाथ, भारत भार्गव, सुमित कुमार, मुख्य कर निर्धारण अधिकारी गजेंद्र कुमार, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राममणि शुक्ल, सहायक अभियंता निर्माण राजपति यादव समेत नगर निगम के विभिन्न विभागों के अधिकारी और विभागाध्यक्ष मौजूद रहे। महापौर ने स्पष्ट किया कि शिकायतों का समय पर समाधान करना और नागरिकों को अनावश्यक परेशानी से बचाना अधिकारियों की प्राथमिकता होनी चाहिए।





















