भोज खाने जा रहे थे युवक और बच्चे
वैशाली। बिहार के वैशाली जिले में नाव पलटने से 11 लोगों की मौत हो गई। हादसा राघोपुर थाना क्षेत्र के रामपुर श्यामचंद गांव के पास हुआ। नाव पर करीब 20 युवक और बच्चे सवार थे। सभी नाव से भोज खाने जा रहे थे, तभी बीच धारा में नाव अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
बीच नदी में पलटी नाव, डूबने लगे लोग
जानकारी के मुताबिक, सोमवार को करीब 20 युवक और बच्चे एक ही नाव पर सवार होकर भोज में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान नदी की बीच धारा में नाव पलट गई। नाव पलटते ही उस पर सवार लोग गहरे पानी में डूबने लगे। घटना की सूचना मिलने पर राघोपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और वरिष्ठ अधिकारियों को इसकी जानकारी दी।
हादसे की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन ने राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) की टीम को घटनास्थल के लिए रवाना किया। पुलिस और स्थानीय गोताखोरों की मदद से 11 लोगों के शव पानी से बाहर निकाले जाने की जानकारी सामने आई है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए स्थानीय अस्पताल भेजा गया। मृतकों की पहचान की जा रही है।
मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये की सहायता
हादसे के बाद मृतकों के परिवारों में मातम पसरा है। जिला प्रशासन ने पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता देने का आश्वासन दिया है। राज्य सरकार ने मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने का एलान किया है।
तेजस्वी यादव ने राहत-बचाव कार्य तेज करने की मांग की
बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने राघोपुर दियारा क्षेत्र में नाव पलटने की घटना पर दुख जताया। उन्होंने कहा कि डूबने वालों में अधिकांश बच्चे बताए जा रहे हैं। तेजस्वी यादव के मुताबिक, उन्होंने स्थानीय लोगों, प्रशासन और अधिकारियों से बात कर राहत-बचाव तथा उपचार कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
इस हादसे ने एक बार फिर नदी पार करने के दौरान नावों में सुरक्षा व्यवस्था और क्षमता के अनुरूप यात्रियों को बैठाने की जरूरत को सामने ला दिया है। हादसे के कारणों और मृतकों की पूरी पहचान के संबंध में विस्तृत जानकारी सामने आने का इंतजार है।





















