लखनऊ के सरोजनीनगर क्षेत्र में बनी-मोहान रोड किनारे पानी से भरे तालाब में मंगलवार दोपहर एक युवक का शव उतराता मिला। शव मिलने की सूचना से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची बंथरा पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से शव को बाहर निकलवाया और उसकी पहचान कराई। मृतक की पहचान बहराइच जिले के नानपारा थाना क्षेत्र के जोधापुर निवासी अर्जुन (30) के रूप में हुई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस के मुताबिक, अर्जुन बंथरा के बेंती स्थित रामगढ़ी के पास बनी-मोहान रोड किनारे सेफ एक्सप्रेस कूरियर के वेयरहाउस परिसर में बने कमरे में रहता था। वह पिछले करीब दो महीने से वहां लोडिंग-अनलोडिंग का काम कर रहा था। रविवार दोपहर करीब तीन बजे वह अपने कमरे में ताला लगाकर कहीं चला गया था। रात नौ बजे उसकी ड्यूटी थी, लेकिन वह वापस नहीं लौटा। इसके बाद वेयरहाउस में काम करने वाले अन्य मजदूरों ने उसके दोस्त बबलू को इसकी जानकारी दी।
अर्जुन के लापता होने की खबर मिलते ही बबलू रविवार रात गांव से लौट आया और उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। सोमवार को उसने अर्जुन के परिजनों को भी सूचना दी। मंगलवार दोपहर वेयरहाउस से करीब 200 मीटर दूर सड़क किनारे स्थित एक ढाबे के कर्मचारियों ने पास के तालाब में शव उतराता देखा और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने आसपास के लोगों की मदद से शव की पहचान कराई।
पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में पता चला है कि अर्जुन शराब पीने का आदी था और रविवार को उसे नशे की हालत में वेयरहाउस के बाहर घूमते देखा गया था। हालांकि, उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि मौत का सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।





















