लखनऊ के सरोजनीनगर क्षेत्र में मिशन शक्ति फेज 6.0 अभियान के तहत महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा, साइबर अपराधों से बचाव और आपात स्थिति में पुलिस की मदद लेने के प्रति जागरूक किया गया। शारदीय नवरात्र के तीसरे दिन मंगलवार को बंथरा पुलिस ने कटी बगिया और जुनाबगंज चौराहे पर अभियान चलाया। वहीं, बिजनौर पुलिस ने नटकुर में महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा संबंधी जानकारी दी।
कटी बगिया चौराहे पर महिला उपनिरीक्षक नेहा यादव, उपनिरीक्षक गोपाल वर्मा और महिला कांस्टेबल मोनी यादव ने विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी। महिलाओं और बच्चियों को बताया गया कि आपात स्थिति में 112 पुलिस आपातकालीन सेवा, 1090 वूमेन पावर लाइन, 181 महिला हेल्पलाइन, 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन, 1930 साइबर हेल्पलाइन और 1076 मुख्यमंत्री हेल्पलाइन का उपयोग किया जा सकता है। पुलिसकर्मियों ने महिला हेल्प डेस्क, महिला सुरक्षा केंद्र, पिंक बूथ, पिंक स्कूटी और यूपी कॉप एप की उपयोगिता भी समझाई।
अभियान के दौरान ऑनलाइन ठगी और अन्य साइबर अपराधों से बचने के उपायों पर भी चर्चा की गई। वहीं, जुनाबगंज चौराहे पर बंथरा थाने की मिशन शक्ति टीम, सीसी टीम प्रभारी और यातायात पुलिस ने संयुक्त रूप से जागरूकता अभियान चलाया। इस दौरान महिलाओं और बच्चों को यातायात नियमों का पालन करने और सड़क पर सावधानी बरतने के लिए प्रेरित किया गया।
उधर, बिजनौर पुलिस ने नटकुर में महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा संबंधी जानकारी देने के साथ हेल्पलाइन नंबरों के बारे में जागरूक किया। पुलिस ने अपील की कि किसी भी परेशानी या आपात स्थिति में महिलाएं और बालिकाएं बिना झिझक पुलिस की सहायता लें। अभियान का उद्देश्य महिलाओं की सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना और जरूरत के समय उपलब्ध सहायता सेवाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाना रहा।





















