बहराइच में जिंगहाघाट पर नदी में डूबकर लापता हुए मासूम युवराज बाजपेई का पांचवें दिन भी कोई सुराग नहीं मिल सका है। NDRF की टीम और गोताखोर लगातार नदी में तलाश कर रहे हैं, लेकिन अब तक उनके हाथ खाली हैं। बहराइच-नानपारा मार्ग स्थित जिंगहाघाट पर चल रहे इस तलाशी अभियान के बीच परिजन अपनों की उम्मीद लगाए आंखों में आंसू लिए लगातार मौके पर डटे हुए हैं।
मासूम की तलाश के लिए नदी में लगातार खोजबीन की जा रही है। गोताखोर जिंगहाघाट के आसपास के क्षेत्र में युवराज का पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं। इसके बावजूद पांच दिन बीत जाने के बाद भी बच्चे के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल पाई है। हर गुजरते दिन के साथ परिजनों की चिंता बढ़ती जा रही है और वे अपने बच्चे की तलाश पूरी होने की उम्मीद लगाए बैठे हैं।
घटनास्थल पर सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए पीएसी तैनात है। इसके अलावा दो थानों की पुलिस को भी लगाया गया है। आला अधिकारी लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और तलाशी अभियान की निगरानी कर रहे हैं। प्रशासन की निगरानी में NDRF और गोताखोरों की टीम बच्चे की तलाश में जुटी हुई है।
बताया जा रहा है कि लापता युवराज का परिवार शहर के मोहल्ला बशीरगंज में रहता है। उसके पिता को भाजपा का बूथ अध्यक्ष बताया जा रहा है। पांचवें दिन भी मासूम का पता नहीं चलने से परिवार का इंतजार जारी है। फिलहाल, सभी की नजर तलाशी अभियान पर टिकी है और परिजन युवराज के मिलने की आस लगाए हुए हैं।




















