बहराइच में मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से छूटे लोगों और पहली बार मतदान के लिए पात्र युवाओं को मौका देने के लिए 17 और 24 अक्टूबर 2026 को विशेष कैंप आयोजित किए जाएंगे। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर जिले के सभी सात विधानसभा क्षेत्रों के प्रत्येक मतदेय स्थल पर ये शिविर लगाए जाएंगे। प्रशासन का उद्देश्य अभियान के तहत सभी पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में शामिल करना है, ताकि कोई भी पात्र मतदाता पंजीकरण से वंचित न रहे।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी अरुण कुमार ने बताया कि दोनों विशेष कैंप के दौरान सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) अपने-अपने मतदेय स्थलों पर मौजूद रहेंगे। उनके पास मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए पर्याप्त संख्या में फार्म-6 उपलब्ध रहेंगे। इसके अलावा 10 अप्रैल 2026 को प्रकाशित अंतिम निर्वाचक नामावली और उसके बाद जारी पूरक सूचियां भी उपलब्ध रहेंगी। मतदाताओं को आवेदन भरने में सहायता देने के लिए प्रत्येक मतदान केंद्र पर हेल्प डेस्क बनाई जाएगी।
जिले के बलहा, नानपारा, मटेरा, महसी, बहराइच, पयागपुर और कैसरगंज विधानसभा क्षेत्रों में यह अभियान चलाया जाएगा। नाम जुड़वाने के इच्छुक लोगों को अपनी अद्यतन फोटो, जन्मतिथि और निवास से संबंधित दस्तावेजों की स्व-प्रमाणित प्रतियां लेकर शिविर में पहुंचना होगा। यदि परिवार के किसी सदस्य का मतदाता फोटो पहचान पत्र (EPIC) नंबर उपलब्ध है, तो उसे भी साथ रखने की सलाह दी गई है। प्रशासन ने सभासदों, ग्राम प्रधानों और स्वयंसेवकों से भी अभियान में नियमानुसार सहयोग करने की अपील की है।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए संबंधित मतदान केंद्र, बीएलओ, तहसील कार्यालय या जिला निर्वाचन कार्यालय से फार्म प्राप्त कर जमा किया जा सकता है। इसके अलावा निर्वाचन आयोग के ECINET मोबाइल ऐप और वोटर्स सर्विस पोर्टल के माध्यम से भी फार्म-6, फार्म-8 और फार्म-7 जमा किए जा सकते हैं। प्रशासन ने पात्र नागरिकों से अपील की है कि वे अपना नाम मतदाता सूची में जांच लें और जरूरत होने पर निर्धारित तिथियों पर विशेष कैंप का लाभ उठाएं।




















