चंदौली के चकिया क्षेत्र के गणेशपुर में निर्माणाधीन मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालय के निर्माण कार्य में खामियां मिलने पर जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने नाराजगी जताई। बुधवार को औचक निरीक्षण के दौरान उन्हें विद्यालय के पिलर और अन्य ढांचागत कार्यों में कमियां मिलीं। इस पर उन्होंने कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधियों और अभियंताओं को फटकार लगाते हुए तत्काल सुधार कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने निर्माण कार्य की प्रगति, गुणवत्ता और निर्धारित मानकों की जांच की। उन्होंने मौके पर उपलब्ध सामग्री गुणवत्ता परीक्षण मशीन की कार्यप्रणाली का भी जायजा लिया। साथ ही ईंट, सीमेंट, कंक्रीट समेत निर्माण में इस्तेमाल होने वाली सभी सामग्रियों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि भवन का निर्माण तय मानकों के अनुरूप हो सके।
पिलर और अन्य ढांचागत कार्यों में मिली कमियों को गंभीरता से लेते हुए डीएम ने कार्यदायी संस्था को उन्हें तत्काल दूर करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। विद्यालय का भवन बच्चों की पढ़ाई के साथ उनकी सुरक्षा से भी जुड़ा है, इसलिए निर्माण में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखना जरूरी है।
जिलाधिकारी ने चेतावनी दी कि भविष्य में निर्माण कार्य की गुणवत्ता में कमी या अनियमितता मिलने पर जिम्मेदार अधिकारियों और संबंधित लोगों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी, कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि और निर्माण कार्य से जुड़े अभियंता मौजूद रहे।




















