अयोध्या के फतेहगंज स्थित राजकीय इंटर कॉलेज (जीआईसी) में नए मुख्य द्वार का निर्माण कार्य कराया जा रहा है। बुधवार को नगर विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने कार्यदायी संस्था को निर्माण में गुणवत्ता बनाए रखने और तय समयसीमा के भीतर काम पूरा करने के निर्देश दिए।
राजकीय इंटर कॉलेज के मुख्य द्वार के निर्माण के लिए विधायक निधि से 9.31 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। जिला ग्राम्य विकास अभिकरण की ओर से परियोजना को प्रशासनिक और वित्तीय स्वीकृति दी गई है। स्वीकृत धनराशि की पहली किश्त के रूप में 60 प्रतिशत राशि जारी की गई है। निर्माण कार्य ग्रामीण अभियंत्रण विभाग, प्रखंड अयोध्या की ओर से कराया जा रहा है।
निरीक्षण के दौरान विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने कहा कि राजकीय इंटर कॉलेज फतेहगंज जिले का प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थान है। नए मुख्य द्वार के निर्माण से कॉलेज परिसर को बेहतर स्वरूप देने के साथ आवागमन की सुविधा भी बढ़ेगी। उन्होंने बताया कि प्रतिमा विसर्जन के दौरान भी पुराने गेट की चौड़ाई कम पड़ जाती थी। ऐसे में नए द्वार से लोगों को आवाजाही में सहूलियत मिलने की उम्मीद है।
विधायक ने कार्यदायी संस्था को स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता से कोई समझौता न किया जाए। उन्होंने सभी निर्धारित मानकों का पालन करते हुए काम समयबद्ध तरीके से पूरा कराने पर जोर दिया। निरीक्षण का उद्देश्य निर्माण कार्य की प्रगति और गुणवत्ता सुनिश्चित करना रहा, ताकि कॉलेज को बेहतर और सुविधाजनक प्रवेश द्वार मिल सके।





















