चंदौली में महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को बढ़ावा देने के लिए मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल के निर्देशन में गुरुवार को जिले के सभी थानों की एंटी रोमियो टीमों ने बाजारों, कस्बों, ग्रामीण इलाकों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित किए। इस दौरान महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों और जरूरत पड़ने पर मदद लेने के तरीकों की जानकारी दी गई।
अभियान के दौरान महिलाओं को मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, वन स्टॉप सेंटर, महिला हेल्पलाइन 181 और निराश्रित महिला पेंशन योजना सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं के बारे में बताया गया। इसके साथ ही महिला शरणालय, शक्ति सदन और सखी निवास जैसी सुविधाओं की जानकारी भी दी गई, ताकि जरूरतमंद महिलाएं इनका लाभ उठा सकें।
पुलिस टीमों ने महिलाओं की सुरक्षा से जुड़े प्रमुख कानूनों के बारे में भी जागरूक किया। इनमें घरेलू हिंसा से महिलाओं का संरक्षण अधिनियम-2005, कार्यस्थल पर लैंगिक उत्पीड़न निवारण अधिनियम-2013 और दहेज निषेध अधिनियम शामिल हैं। टीमों ने महिलाओं और बालिकाओं को आत्मनिर्भर बनने, आत्मविश्वास के साथ अपनी बात रखने और किसी भी तरह की समस्या होने पर संबंधित सहायता केंद्र या पुलिस से संपर्क करने के लिए प्रेरित किया।
अभियान के आगामी चरण में साइबर सुरक्षा पर विशेष जोर दिया जाएगा। इसके तहत सोशल मीडिया का सुरक्षित इस्तेमाल, ऑनलाइन धोखाधड़ी और साइबर अपराधों से बचाव के तरीके बताए जाएंगे। पुलिस की ओर से थानों में स्थापित मिशन शक्ति केंद्रों के कार्यों, उद्देश्यों और उपलब्ध सेवाओं की जानकारी भी दी जा रही है, ताकि महिलाएं जरूरत पड़ने पर इन केंद्रों से सहायता ले सकें।





















