पीडीडीयू नगर के नगर पालिका इंटर कॉलेज, मुगलसराय में मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत बुधवार को करियर गाइडेंस कार्यक्रम आयोजित किया गया। क्षेत्राधिकारी लाइन डॉ. चारु द्विवेदी के नेतृत्व में हुए इस कार्यक्रम में छात्राओं को उनके भविष्य और करियर से जुड़े विकल्पों की जानकारी दी गई। साथ ही मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के बारे में बताते हुए प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए निशुल्क मार्गदर्शन प्राप्त करने को प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में आसपास के विद्यालयों और महाविद्यालयों से आए छात्र-छात्राओं के साथ शिक्षिकाओं ने भी भाग लिया। इस दौरान यूपीएससी, यूपीपीएससी, यूपीएसएसएससी, बैंकिंग, एसएससी, बीएड और टीईटी जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी से जुड़ी जानकारी साझा की गई। छात्राओं को बताया गया कि सही दिशा में तैयारी, नियमित अध्ययन और उपलब्ध संसाधनों का उपयोग कर अपने लक्ष्य की ओर बढ़ा जा सकता है।
क्षेत्राधिकारी डॉ. चारु द्विवेदी ने अपने अनुभव साझा करते हुए छात्राओं का उत्साह बढ़ाया। उन्होंने महिला सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर जानकारी देने के साथ मिशन शक्ति केंद्रों और विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों के बारे में भी बताया। उन्होंने छात्राओं को जागरूक रहने और किसी भी परेशानी की स्थिति में उपलब्ध सहायता सेवाओं का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया।
वहीं, मुख्यमंत्री अभ्युदय कोचिंग के कोर्स कोऑर्डिनेटर मिथिलेश कुमार और अन्य विशेषज्ञों ने करियर चयन तथा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी को लेकर मार्गदर्शन दिया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को शिक्षा और रोजगार के अवसरों के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें अपने करियर के लिए सही विकल्प चुनने में मदद करना रहा। मिशन शक्ति के तहत ऐसे कार्यक्रमों के जरिए छात्राओं को सुरक्षा के साथ आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।





















