अयोध्या में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी शुक्रवार को पार्टी पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक करेंगे। अवध विश्वविद्यालय के विवेकानंद प्रेक्षागृह में होने वाले इस कार्यक्रम में कई जिलों के जिला प्रभारी, जिलाध्यक्ष, जिला प्रवासी और जनप्रतिनिधि शामिल होंगे। बैठक में शिक्षक एमएलसी चुनाव की तैयारियों की समीक्षा के साथ विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर संगठन की रणनीति पर चर्चा की जाएगी। इसमें अयोध्या महानगर और जिले के अलावा अंबेडकर नगर, सुल्तानपुर, अमेठी, गोंडा, बहराइच, बलरामपुर और श्रावस्ती के पदाधिकारी हिस्सा लेंगे।
भाजपा महानगर अध्यक्ष कमलेश श्रीवास्तव ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष शिक्षक एमएलसी चुनाव को लेकर शिक्षकों से संपर्क, मतदाता सूची और चुनावी तैयारियों की जानकारी लेंगे। कार्यक्रम के तहत शिक्षकों और प्रबंधकों से संवाद भी किया जाएगा। इसके साथ ही आगामी विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए संगठन की तैयारियों और जमीनी स्तर पर चल रही गतिविधियों की समीक्षा होगी।
बैठक में विभिन्न जिलों की सांगठनिक स्थिति पर भी चर्चा की जाएगी। जिला स्तर पर संगठन के कामकाज, पदाधिकारियों की जिम्मेदारी और कार्यकर्ताओं की सक्रियता से जुड़े मुद्दों पर मंथन होगा। संबंधित जिलों के पदाधिकारी अपने यहां चल रही संगठनात्मक गतिविधियों और तैयारियों की जानकारी प्रदेश अध्यक्ष के सामने रखेंगे। बैठक को आगामी चुनावों से पहले संगठन की स्थिति का आकलन करने के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
प्रदेश अध्यक्ष के कार्यक्रम को लेकर अयोध्या में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। तैयारियों को अंतिम रूप देने वालों में विधायक वेद प्रकाश गुप्ता, महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष अवधेश पाण्डेय बादल, महानगर अध्यक्ष कमलेश श्रीवास्तव और जिलाध्यक्ष राधेश्याम त्यागी, राघवेन्द्र पाण्डेय व डॉ. राकेश मणि त्रिपाठी शामिल रहे। विधायक प्रतिनिधि अमल गुप्ता समेत अन्य पदाधिकारियों ने भी कार्यक्रम की व्यवस्था में सहयोग किया।





















