लखनऊ। सरोजनीनगर थाना क्षेत्र में करीब डेढ़ माह पहले हुए सड़क हादसे में घायल एक व्यक्ति की इलाज के दौरान मौत हो गई। इस मामले में मृतक के बेटे ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। हादसे में पिता-पुत्र दोनों गंभीर रूप से घायल हुए थे। पिता की मौत के बाद परिवार में मातम छा गया, जबकि घायल बेटे का इलाज जारी है।
मानक नगर के तेजी खेड़ा निवासी मोहसिन खान उर्फ कल्लू के मुताबिक, बीती 31 अगस्त को वह अपने पिता मोबीन खान उर्फ बब्लू के साथ पैडल रिक्शे से कृष्णानगर की ओर से सरोजनीनगर जा रहे थे। इसी दौरान नादरगंज फ्लाईओवर के पास पीछे से आए एक अज्ञात वाहन ने उनके रिक्शे में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों पिता-पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए और रिक्शा भी क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे के बाद दोनों घायलों को इलाज के लिए ट्रामा सेंटर ले जाया गया। बाद में केजीएमयू में इलाज के दौरान मोबीन खान ने दम तोड़ दिया, जबकि उनका बेटा मोहसिन खान अभी उपचार करा रहा है। पिता को खोने के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। बेटे के मुताबिक, पिता के अंतिम संस्कार के बाद उसने सरोजनीनगर थाने पहुंचकर पुलिस को घटना की तहरीर दी।
पुलिस ने मामले में रिपोर्ट दर्ज कर अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश शुरू कर दी है। हादसा कैसे हुआ और टक्कर मारने वाला वाहन कौन सा था, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।





















