अयोध्या। अवध विश्वविद्यालय के स्वामी विवेकानंद प्रेक्षागृह में आयोजित शिक्षक मतदाता सम्मेलन में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि शिक्षक केवल विद्यार्थियों को शिक्षा देने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि वे उनके जीवन को दिशा देने के साथ राष्ट्र का भविष्य भी गढ़ते हैं। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती में मतदाताओं की महत्वपूर्ण भूमिका है और हर वोट देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाता है। सम्मेलन में उन्होंने केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार और प्रदेश की योगी सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए शिक्षा, आर्थिक विकास, बुनियादी सुविधाओं और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर अपनी बात रखी।
पंकज चौधरी ने कहा कि वर्ष 2014 के बाद भारत की अर्थव्यवस्था, डिजिटल भुगतान व्यवस्था और अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश की भूमिका में बदलाव आया है। उन्होंने स्टार्टअप को बढ़ावा देने, सड़कों और परिवहन सुविधाओं के विस्तार तथा गरीबों को आवास, रसोई गैस, बिजली और कैशलेस इलाज जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने वाली योजनाओं का उल्लेख किया। जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाने, सर्जिकल स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि आतंकवाद के खिलाफ भारत की नीति पहले से अधिक स्पष्ट और सख्त हुई है। उनके मुताबिक, इन प्रयासों से देश की विकास यात्रा को गति मिली है और भारत की वैश्विक पहचान मजबूत हुई है।
शिक्षकों और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि सरकार ने शिक्षकों के पारदर्शी स्थानांतरण, मृतक आश्रितों को मिलने वाले लाभ की प्रक्रिया आसान बनाने और विद्यालयों में बुनियादी सुविधाएं बेहतर करने की दिशा में कदम उठाए हैं। उन्होंने ऑपरेशन कायाकल्प और प्रोजेक्ट अलंकार का उल्लेख करते हुए शिक्षक भर्ती तथा उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग के गठन को भी महत्वपूर्ण बताया। वहीं, विपक्ष पर निशाना साधते हुए उन्होंने समाजवादी पार्टी पर मुद्दों के अभाव और एसआईआर को लेकर भ्रम फैलाने का आरोप लगाया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से 17 और 24 अक्टूबर को प्रस्तावित विशेष शिविरों में पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में जुड़वाने में सहयोग करने की अपील की।
सम्मेलन के अंत में पंकज चौधरी ने शिक्षक मतदाताओं से शिक्षक एमएलसी प्रत्याशी ध्रुव त्रिपाठी के पक्ष में मतदान करने की अपील की। कार्यक्रम में क्षेत्रीय अध्यक्ष अवधेश द्विवेदी, प्रदेश मंत्री शिवभूषण सिंह और अवधेश श्रीवास्तव, विधायक वेद प्रकाश गुप्ता, रामचंद्र यादव, चंद्रभान पासवान, अभय सिंह और अमित सिंह चौहान, पूर्व सांसद लल्लू सिंह, जिला पंचायत प्रशासक रोली सिंह, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष अवधेश पांडेय बादल, महानगर अध्यक्ष कमलेश श्रीवास्तव, जय प्रकाश श्रीवास्तव, जिलाध्यक्ष राधेश्याम त्यागी तथा अम्बेडकर नगर के जिलाध्यक्ष दिलीप पटेल समेत विभिन्न जिलों के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में शिक्षक मौजूद रहे।





















