लखनऊ। उत्तर प्रदेश में मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए आज विशेष अभियान चलाया जा रहा है। प्रदेश के सभी बूथों पर विशेष कैम्प लगाए गए हैं, जहां बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक मौजूद रहेंगे। इस दौरान नागरिक अपनी मतदाता सूची में नाम की जांच कर सकते हैं। जिन पात्र लोगों का नाम सूची में शामिल नहीं है, वे कैम्प में पहुंचकर पंजीकरण की प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।
इस विशेष अभियान का उद्देश्य पात्र नागरिकों को मतदाता सूची से जोड़ना और यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी योग्य व्यक्ति अपने मताधिकार से वंचित न रहे। अगर आपने अभी तक मतदाता सूची में अपना नाम नहीं देखा है, तो इस मौके का लाभ उठाकर संबंधित बूथ पर जाकर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। नाम दर्ज नहीं होने की स्थिति में फॉर्म-6 भरकर नए मतदाता के रूप में पंजीकरण के लिए आवेदन किया जा सकता है।
मतदाता पंजीकरण के लिए कैम्प में पहुंचते समय अपने साथ नवीनतम फोटो और आयु व पते से संबंधित जरूरी दस्तावेज जरूर रखें। इससे आवेदन की प्रक्रिया पूरी करने में सहूलियत होगी। खासतौर पर वे युवा और पात्र नागरिक, जिन्होंने अभी तक मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज नहीं कराया है, इस अभियान के दौरान आवेदन की प्रक्रिया के बारे में जानकारी लेकर अपना पंजीकरण करा सकते हैं।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तर प्रदेश श्री नवदीप रिणवा ने प्रदेश में रहने वाले सभी पात्र नागरिकों से अपील की है कि वे विशेष कैम्प में पहुंचकर मतदाता सूची में अपना नाम जरूर जांच लें। यदि नाम सूची में नहीं है, तो फॉर्म-6 भरकर पंजीकरण कराएं। लोकतंत्र में हर वोट की अहमियत होती है और मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराना मतदान में भाग लेने की दिशा में पहला जरूरी कदम है।





















